Bareilly : पीलीभीत रोड बनेगा आठ लेन, बीडीए ने आगे बढ़ाए कदम
चौड़ीकरण से पहले सड़क का तकनीकी डिजाइन बनेगा
बरेली, अमृत विचार। सेटेलाइट से लेकर त्रिशूल चौराहे तक पीलीभीत मार्ग को आठ लेन या दस लेन चौड़ीकरण करने के संशय पर विराम लग गया है। अब यह आठ लेन बनेगा। बीडीए ने डीपीआर बनाने के साथ सड़क का टोपोग्राफिक, हाईड्रोलॉजिक, जियो मैट्रिक, क्रॉस ड्रेन डिजाइन तैयार कराने का निर्णय लिया है। निविदा निकाली गई है।
बीडीए वीसी डॉ. मनिकन्डन ए के निर्देश पर अधिशासी अभियंता ने गुरुवार को टेंडर निकाला। बताया गया है कि बरेली विकास प्राधिकरण त्रिशूल चौराहे से सेटेलाइट बस स्टैंड तक पीलीभीत मार्ग को आठ लेन का बनाएगा। आठ लेन का बनाए जाने से पूर्व स्थल यानी सड़क का (टोपोग्राफिक), हाईड्रोलॉजिक, जियोमैट्रिक, क्रॉस ड्रेन डिजाइन व डीपीआर तैयार कराने का कार्य कराया जाना है। इसके लिए अनुभवी फर्मों का चयन किया जाना है। इस संबंध में फर्मों को आमंत्रण दिया गया है ताकि उपरोक्त कार्य कराने के लिए जल्द फर्म चयनित की जा सके। फर्म चयन प्रकिया होने के बाद डीपीआर का कार्य तेजी पकड़ेगा। दरअसल, इस मार्ग के बनने से सबसे ज्यादा लाभ बरेली एयरपोर्ट आने-जाने वालों को होगा। उन्हें जाम जैसी स्थिति का सामना करना नहीं पड़ेगा। अभी सौ फुटा चौराहा, सुरेश शर्मा नगर, बीसलपुर चौराहे पर यात्रियों को जाम की समस्या झेलनी पड़ती है। वहीं, आठ लेन की सड़क बनाने में कितनी धनराशि खर्च होगी, इसका सही आकलन डीपीआर बनने के बाद ही मालूम होगा लेकिन अभी तक सड़क निर्माण पर करीब सवा सौ से डेढ़ सौ करोड़ रुपये खर्च होने की बात सामने आई है।
आठ लेन बनने से साफ हो जाएगा अतिक्रमण
पीलीभीत रोड पर सेटेलाइट से बैरियर-2 तक दोनों तरफ कच्चा-पक्का बड़े स्तर पर अतिक्रमण है। कई लोगों के धंधे भी इस रोड पर अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं। कई बिल्डिंगें भी सरकारी भूमि पर बनी हैं। बीडीए जब सेटेलाइट से बैरियर-2 तक आठ लेन की सड़क बनाने का कार्य शुरू करेगा, तब अतिक्रमण भी हटाया जाएगा।
