बाराबंकी : जिहादी मानसिकता के विरोध में बजरंग दल का विरोध प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
बाराबंकी, अमृत विचार। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शहर में कथित विकृत जिहादी मानसिकता के खिलाफ शुक्रवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन लाजपत नगर स्थित श्रीराम जानकी मंदिर से शुरू होकर पटेल तिराहे पर समाप्त हुआ। प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और भगवा ध्वज लेकर शामिल हुए।
पटेल तिराहे पर पहुंचकर प्रदर्शन उग्र हो गया, जहां कार्यकर्ताओं ने विकृत जिहादी मानसिकता का पुतला दहन किया। मौके पर नायब तहसीलदार राजीव वर्मा और सीओ सदर संगम कुमार ने पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लिया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि देश में समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में सुनियोजित घटनाएं बढ़ रही हैं, जो इस मानसिकता को दर्शाती हैं।
उन्होंने नासिक स्थित टीसीएस में सामने आए कथित लव जिहाद प्रकरण को भी इसी कड़ी का हिस्सा बताया। ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने लव जिहाद, धर्मांतरण, राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों, अवैध कब्जों, खाद्य पदार्थों को अपवित्र करने, तथा जनजातीय अवयस्क बालिकाओं के शोषण जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए इस प्रकार की गतिविधियों पर शीघ्र और कठोर कार्रवाई की मांग की। यह ज्ञापन महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित कर भेजा गया।
विरोध प्रदर्शन में विश्व हिंदू परिषद के विभाग संगठन मंत्री इंद्रेश, जिला अध्यक्ष रामनाथ मौर्य, जिला मंत्री राहुल कुमार, बजरंग दल विभाग संयोजक अखंड प्रताप, सहसंयोजक ब्रह्म प्रकाश, जिला संयोजक राहुल विक्रम, जिला सहसंयोजक तुषार तिवारी, अमित गुप्ता, विनय, सौरभ, राजेंद्र, रूपचंद, तुलसीराम, कमलेश, नेहा, ज्ञाने श्वरी, अवधेश, मनीष, आदर्श, विवेक और सचिन सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
