गजब ! सीएचसी में मृतक व घायलों ने किया हंगामा, जानें क्या है पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

फतेहपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। बुधवार रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत और चार लोगों के घायल होने के बाद अब नया विवाद खड़ा हो गया है। सीएचसी में हंगामे को लेकर अधीक्षक की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में मृतक व घायलों को ही नामजद कर दिया गया। पीड़ित परिवारों में आक्रोश है। वहीं पुलिस जांच की बात कह रही है। बताते चलें कि 15 अप्रैल की रात मिठवारा के पास एक मैरिज लॉन से लौटते समय ग्राम हसनपुर टांडा निवासी ज्ञानवेंद्र उर्फ शुभम (24), नैंसी (20) और आशुतोष (26) बाइक से घर जा रहे थे।

खैरातपुर के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल से सीधी टक्कर हो गई। हादसे में शुभम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नैंसी, आशुतोष समेत बुलेट सवार सचिन निवासी सफीपुर और राजा निवासी इमलीपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी से रेफर किया गया। हादसे के बाद सीएचसी में एम्बुलेंस न मिलने से नाराज़ लोगों ने हंगामा किया। 

इस दौरान डॉक्टरों व स्टाफ के साथ अभद्रता और मारपीट का प्रयास भी किया गया, जिसे पुलिस ने किसी तरह नियंत्रित किया। इसी मामले में सीएचसी अधीक्षक डॉ. अविनाश चौधरी की तहरीर पर पुलिस ने नौ नामजद और 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। हैरानी की बात यह कि एफआईआर में मृतक शुभम और घायल नैंसी, आशुतोष व सचिन के नाम भी शामिल हैं। 

बताया जा रहा कि हंगामा रात करीब 12 बजे हुआ, जबकि शुभम की मौत करीब 1 बजे हो चुकी थी और अन्य घायल पहले ही रेफर किए जा चुके थे। शुक्रवार को मामला सामने आने पर पीड़ित परिवारों और ग्रामीणों में नाराज़गी फैल गई। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, जबकि सीएचसी अधीक्षक ने भी तहरीर में संभावित त्रुटियों की जांच की बात कही है।

संबंधित समाचार