अयोध्या 84 कोसी परिक्रमा: अमरगंज बाजार में परिक्रमार्थियों का स्वागत, साधु-संतों का अभिनंदन
-अयोध्या के साथ-साथ मथुरा, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, महाराष्ट्र व नेपाल सहित विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु शामिल
अयोध्या, अमृत विचार। विहिप के हनुमान मंडल अयोध्या धाम द्वारा संचालित 84 कोसी परिक्रमा का जत्था शुक्रवार सुबह सिड़सिड़ में रात्रि विश्राम के बाद अमरगंज बाजार पहुंचा। जहां श्रद्धा और भक्ति के माहौल में परिक्रमार्थियों का स्वागत किया गया। आरएसएस के जिला बौद्धिक प्रमुख अरविन्द पाण्डेय के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ साधु-संतों का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर विधायक चंद्रभानु पासवान एवं ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पवन सिंह ने भी परिक्रमार्थियों का स्वागत कर आशीर्वाद प्राप्त किया। अमरगंज बाजार में पहुंचे लगभग 600 साधु-संतों और गृहस्थ श्रद्धालुओं की बाजारवासियों ने भावपूर्वक सेवा की तथा उनके लिए भोजन एवं विश्राम की व्यवस्था की। दोपहर विश्राम के बाद सायं चार बजे परिक्रमा का जत्था पक्का तालाब, अमानीगंज स्थित रात्रि पड़ाव के लिए रवाना हुआ।
मार्ग में संत नगर, सतनापुर एवं महात्मा गांधी चौराहे सहित विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने परिक्रमार्थियों का भव्य स्वागत किया। शाम लगभग सात बजे जत्था रात्रि विश्राम स्थल पहुंचा, जहां राम नाम संकीर्तन के साथ भक्तिमय वातावरण बना रहा।
परिक्रमा में अयोध्या के साथ-साथ मथुरा, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, महाराष्ट्र एवं पड़ोसी देश नेपाल सहित विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु शामिल हैं। अमरगंज में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खण्डासा की टीम द्वारा परिक्रमार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाएं वितरित की गईं।
परिक्रमा की अगुवाई कर रहे सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मार्ग में शौचालय, पेयजल एवं यात्री शेड जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव अभी भी महसूस किया जा रहा है। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष ब्रह्म प्रकाश शुक्ला, सर्वेश तिवारी, भवानी फेर मिश्र, उमानाथ पांडेय सहित अन्य मौजूद रहे।
सीताकुंड पर रात्रि विश्राम के बाद अगले पड़ाव के लिए रवाना
अयोध्या धाम की प्रसिद्ध 84 कोसी पारंपरिक परिक्रमा बृहस्पतिवार रात अपने सातवें पड़ाव स्थल बीकापुर विकासखंड क्षेत्र के तोरोमाफी स्थित पौराणिक स्थल सीताकुंड पर रात्रि विश्राम के बाद शुक्रवार सुबह महंत गया दास के नेतृत्व में अगले पड़ाव स्थल के लिए रवाना हुई। भगौती नगर में नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश पांडे राना एवं श्रद्धालुओं द्वारा माल्यार्पण करके परिक्रमा में शामिल साधु संतों का स्वागत व जलपान व भोजन की भी व्यवस्था की।
चवरढार ग्राम पंचायत ब्रह्मबाबा स्थल पर हंस योग आश्रम से जुड़े मानव उत्थान सेवा समिति शाखा के स्वयंसेवकों द्वारा शिव सहाय कनौजिया के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल उपाध्याय, पूर्व प्रधान रामदीन कनौजिया, जितेंद्र गौड़, रामसागर जायसवाल आदि मौजूद रहे। वहां से परिक्रमा दोपहर में तहसील क्षेत्र के देवरिया पारा रुरुखास पहुंची।
दोपहर विश्राम के बाद शाम को तहसील क्षेत्र के हनुमान मंदिर ढेमावैश्य गांव में अपने आठवें पड़ाव स्थल पर पहुंची। हनुमान मंदिर में रात्रि विश्राम के बाद शनिवार सुबह परिक्रमा अपने नौवें पड़ाव स्थल आस्तीकन के लिए प्रस्थान करेगी।
