बाराबंकी : संपूर्ण समाधान दिवस 351 आईं शिकायतें, डीएम बोले- चकमार्ग पर अतिक्रमण तो राजस्व कर्मियों की जिम्मेदारी
बाराबंकी, अमृत विचार। तहसील नवाबगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय की उपस्थिति में किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से चकमार्ग एवं सरकारी रास्तों पर अतिक्रमण की शिकायतों को गंभीरता से लेने और लापरवाही पर जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।
समाधान दिवस के दौरान मुख्तार अली पुत्र महमूद, ग्राम नसीरपुर का खतौनी में नाम संशोधन का प्रकरण भी मौके पर निस्तारित किया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर कम्प्यूटरीकृत खतौनी में सुधार कर आवेदक को उपलब्ध कराई गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को भूमि विवाद, सरकारी रास्ते, राशन कार्ड, पेंशन और आवास से जुड़े मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनपद की सभी तहसीलों में आयोजित समाधान दिवस में कुल 351 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 56 का मौके पर निस्तारण किया गया। जिसमें नवाबगंज में 110 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 25 का निस्तारण हुआ। रामसनेहीघाट में 55 में से 5, सिरौलीगौसपुर में 13 में से 4, रामनगर में 64 में से 8, फतेहपुर में 45 में से 8 तथा हैदरगढ़ में 64 में से 6 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। अधिकारियों ने बाकी प्रार्थना पत्रों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।
