फार्मासिस्टों के लिए हमारे दरवाजे हमेशा खुले हैं : बोले ब्रजेश पाठक विभाग को नंबर-1 बनाने का लिया संकल्प

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन के द्विवार्षिक प्रांतीय अधिवेशन में नई कार्यकारिणी निर्वाचित

लखनऊ, अमृत विचार : उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि फार्मासिस्ट मरीजों को सुरक्षित और सही दवाएं उपलब्ध कराते हैं। दवाओं के उपयोग, खुराक, दुष्प्रभावों और परस्पर क्रियाओं के बारे में मरीजों को परामर्श देते हैं। बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं में आपकी महती भूमिका है, आप फार्मासिस्टों के लिए हमारे घर और दफ्तर के दरवाजे सदैव खुले हैं।

उप मुख्यमंत्री, शनिवार को डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन के द्विवार्षिक प्रांतीय अधिवेशन/निर्वाचन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इंदिरानगर स्थित एक निजी होटल में आयोजित अधिवेशन में ब्रजेश पाठक ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि हमें संयुक्त रूप से अपने विभाग को प्रदेश और देश में नंबर वन बनाना है। वर्ष 2017 के बाद हम सभी ने बहुत मेहनत से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में मुकाम हासिल किया है लेकिन मंजिल अभी दूर है। हमें अभी और काम करना है और प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक गुणवत्तापरक इलाज पहुंचाना है।

प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एसोसिएशन की ओर से जो भी मांग पत्र प्राप्त हुआ है, उनके स्तर जो संभव होगा, उसका प्रस्ताव तैयार कर मांग को जरूर पूरा कराया जाएगा। इस संबंध में उन्होंने स्वास्थ्य महानिदेशक को तत्काल ही प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

इनकी रही उपस्थिति

कार्यक्रम में स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण, महानिदेशक प्रशिक्षण डॉ. रंजना खरे, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के महामंत्री आरके निगम, पैरामेडिकल संयुक्त निदेशक डॉ. सुनील वर्मा, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद अध्यक्ष आरके वर्मा, डीपीआरए के मंत्री राजीव कुमार, अजय कुमार कश्यप, आनन्द सिंह, जीसी दुबे समेत जिलों से आए सैकड़ों पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जे.के. सचान छठी बार निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित, बनी नई कार्यकारिणी

अमृत विचार : डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन (डीपीआरए) के द्विवार्षिक प्रांतीय अधिवेशन एवं चुनाव में जेके सचान लगातार छठी बार निर्विरोध प्रांतीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए। चुनाव अधिकारी नागेंद्र भूषण पाण्डेय द्वारा घोषित नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में संजय कुमार श्रीवास्तव को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, प्रद्युम्न सिंह को महामंत्री, श्रवण कुमार चौधरी को कोषाध्यक्ष, सुरेश चंद्र वर्मा को उपाध्यक्ष, अंजनी कुमार राय को संगठन मंत्री, अवधेश कुमार सिंह को संयुक्त मंत्री और सुभाष चंद्र को सम्प्रेक्षक चुना गया। वहीं, राजीव कुमार को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।

संबंधित समाचार