अक्षय तृतीया कल : इन चीजों को दान करने पर मिलेगा विशेष फल

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार : अक्षय तृतीया रविवार को मनाई जाएगी। हिंदू पंचांग के अनुसार यह पर्व वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को आता है। इस दिन किए गए शुभ कार्यों का फल अक्षय यानी कभी समाप्त न होने वाला माना जाता है। तृतीया तिथि प्रातः 10:49 बजे से शुरू होकर 20 अप्रैल को सुबह 7:27 बजे तक रहेगी। यह दिन स्वयं सिद्ध और अबूझ मुहूर्त माना जाता है, जिसमें विवाह, गृह प्रवेश और नया व्यापार जैसे कार्य बिना विशेष मुहूर्त के किए जा सकते हैं।

ज्योतिषाचार्य एसएन नागपाल के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करने से धन-समृद्धि प्राप्त होती है। मान्यता है कि इसी तिथि पर भगवान विष्णु के नर-नारायण और हयग्रीव अवतार हुए थे तथा परशुराम जयंती भी मनाई जाती है। इसे युगादि तिथि भी कहा जाता है। इस बार अक्षय तृतीया पर रवि, आयुष्मान, त्रिपुष्कर और सौभाग्य जैसे शुभ योग बन रहे हैं। खरीदारी के लिए अभिजित मुहूर्त 11:40 से 12:31, विजय मुहूर्त 02:15 से 03:06 और सायं मुहूर्त 06:32 से 07:39 तक रहेगा।

इस दिन सोना-चांदी खरीदना शुभ माना जाता है। इसके अलावा पीतल के बर्तन, धार्मिक पुस्तकें, तुलसी का पौधा, जौ, सरसों और मिट्टी का घड़ा खरीदना भी लाभकारी माना गया है। साथ ही जल, अन्न और वस्त्र का दान करना अत्यंत पुण्यदायक माना जाता है।

संबंधित समाचार