UP: 120 घंटे बाद बरामद हुआ गंगा में डूबे खनन ठेकेदार के मुंशी का शव

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

संभल, अमृत विचार। गंगा नदी में डूबे खनन ठेकेदार के मुंशी का शव करीब 120 घंटे बाद घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर बरामद कर लिया गया। छह दिनों से स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। पुलिस-प्रशासन ने शव को आगे बहने से रोकने के लिए गंगा में कई स्थानों पर जाल भी लगवाए थे।

जनपद संभल की तहसील गुन्नौर के थाना जुनावई क्षेत्र के गांव असादपुर स्थित अस्थायी गंगा घाट से दो किलोमीटर आगे रविवार सुबह करीब 10 बजे स्थानीय गोताखोरों ने मंगलवार को डूबे मुंशी प्रबल चौहान उर्फ प्रवीण कुमार (23) निवासी गांव दुर्गपुर थाना मोहम्मदाबाद जनपद फर्रुखाबाद का शव बरामद किया। थाना जुनावई प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 

उन्होंने बताया कि मृतक मंगलवार सुबह करीब 10 बजे गंगा में स्नान करने गया था, इसी दौरान वह गहरे गड्ढे में डूब गया था। छह दिन तक पानी में रहने के कारण शव पूरी तरह फूल गया था। घटना के बाद से ही स्थानीय गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ की टीम लगातार तलाश में जुटी हुई थी। प्रशासन द्वारा एहतियातन गंगा में कई स्थानों पर जाल डलवाए गए थे, ताकि शव ज्यादा दूर न जा सके। अंततः रविवार को शव बरामद होने पर परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

 

संबंधित समाचार