Bareilly : पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट बेंच की मांग को मिला अयोध्या बार का साथ
बरेली, अमृत विचार। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट बेंच की स्थापना की दशकों पुरानी मांग को अब अयोध्या के अधिवक्ताओं और व्यापारिक संगठनों का भी मजबूत साथ मिल गया है। अयोध्या बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष जय नारायण सिंह के रविवार को बरेली पहुंचने पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल (युवा) के प्रदेश अध्यक्ष व कैंट जिला अध्यक्ष सुनील खत्री ने भव्य स्वागत किया।
इस दौरान जय नारायण सिंह ने स्पष्ट किया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के वादकारियों के हितों की रक्षा के लिए बेंच की स्थापना अनिवार्य है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस संघर्ष में अयोध्या का अधिवक्ता समाज पूरी तरह पश्चिमी यूपी के अपने साथियों के कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। भविष्य में होने वाले हर आंदोलन में पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा।
सुनील खत्री ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से 10 लाख से अधिक मामले लंबित हैं, जिसके कारण दूर-दराज के क्षेत्रों से प्रयागराज जाना आम आदमी और व्यापारियों के लिए आर्थिक व मानसिक रूप से कष्टकारी है। उन्होंने घोषणा की कि व्यापार मंडल इस मांग का पूर्ण समर्थन करता है और अधिवक्ताओं के आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाएगा। आलोक खरे, जयप्रकाश सिंह, राजेश कुमार पांडे, प्रेममोहन मालवीय, सुमित सक्सेना, धीरज सक्सेना आदि मौजूद रहे।
