गन्ना समिति परिसर में महिलाओं को मिलेगा मुफ्त स्थान, दो विभागों के बीच हुआ MoU, जानें क्या-क्या मिलेंगी खास सुविधाएं
स्वयं सहायता समूह खोलेंगे प्रेरणा कैंटीन और मार्केटिंग सेंटर
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में योगी सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। अब गन्ना सहकारी समितियों के परिसरों में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को व्यवसाय शुरू करने के लिए निशुल्क स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। इस पहल के तहत महिलाएं ‘प्रेरणा कैंटीन’ और अपने उत्पादों के प्रदर्शन व बिक्री के लिए मार्केटिंग सेंटर संचालित कर सकेंगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग और उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के बीच इस संबंध में एमओयू साइन किया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी। गन्ना आयुक्त मिनिस्थी एस. के अनुसार, गन्ना समितियां अपने परिसरों में उपलब्ध खाली स्थान को महिलाओं के समूहों को देंगी। शुरुआती दो वर्षों तक इन स्थानों के लिए कोई किराया नहीं लिया जाएगा। इसके बाद भी महिलाओं को केवल 50 प्रतिशत किराया ही देना होगा, जो जिला प्रशासन द्वारा तय सर्किल रेट के अनुसार निर्धारित होगा।
इन केंद्रों के माध्यम से महिलाएं हस्तनिर्मित उत्पाद, खाद्य सामग्री, कृषि उत्पाद, सोलर लैंप और अन्य स्थानीय वस्तुओं की बिक्री कर सकेंगी। इससे उन्हें एक संगठित बाजार मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी।
सरकार की ओर से महिलाओं को प्रशिक्षण, विपणन और प्रचार-प्रसार में भी सहायता दी जाएगी। साथ ही उन्हें मेलों और प्रदर्शनियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके उत्पादों की पहुंच और बढ़ेगी। यूपीएसआरएलएम महिलाओं को कैंटीन संचालन, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता नियंत्रण का प्रशिक्षण देगा, जबकि खाद्य सुरक्षा विभाग मानकों के पालन को सुनिश्चित करेगा।
