उरई मेडिकल कॉलेज में बुजुर्ग मरीज का सफल हिप रिप्लेसमेंट, आयुष्मान योजना से मिला लाभ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन में मंगलवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में चिकित्सकों की टीम ने एक जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए 66 वर्षीय अली हसन को राहत प्रदान की है। प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी ने बताया कि ग्राम काकसीस, जनपद जालौन निवासी अली हसन पिछले करीब छह महीनों से कूल्हे के गठिया (आर्थराइटिस) और 'नेक फीमर' में पुराने फ्रैक्चर से पीड़ित थे, जिससे उन्हें चलने-फिरने में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। 

मरीज की स्थिति को देखते हुए विशेषज्ञ टीम ने 'सीमेंटेड टोटल हिप रिप्लेसमेंट' (कूल्हे का पूर्ण प्रत्यारोपण) सर्जरी करने का निर्णय लिया। यह ऑपरेशन आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत किया गया, जिससे मरीज को निःशुल्क उपचार का लाभ मिला। इस जटिल ऑपरेशन को सहायक प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. सिद्धार्थ के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। उनके साथ डॉ. प्रांशु और डॉ. सलीम (जूनियर रेजिडेंट) ने सहयोग किया। 

एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी डॉ. सुनीत और उनकी टीम ने संभाली, जबकि नर्सिंग स्टाफ में सिस्टर वर्षा की अहम भूमिका रही। प्रधानाचार्य डॉ. त्रिवेदी ने बताया कि ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा है और मरीज की हालत अब स्थिर है। चिकित्सकों के अनुसार, उचित देखभाल और फिजियोथेरेपी के बाद मरीज जल्द ही सामान्य रूप से चलने-फिरने में सक्षम हो सकेगा। इस सफलता से मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज