Moradabad: प्रचंड गर्मी के आसार 45 डिग्री तक जा सकता है तापमान
रामपुर, अमृत विचार। मौसम वैज्ञानिक प्रचंड गर्मी के आसार जता रहे हैं। पारा 45 डिग्री सेंटीग्रेड तक जा सकता है। मौसम शुष्क रहेगा और 25 अप्रैल से लू चलने की संभावना जताई गई है। हालांकि, मंगलवार को भी लोग तपिश से बेहाल रहे। लोगों ने गर्मी से बचने के लिए सिर पर अंगोछा डाल लिया। गर्मी लगने और गला सूखने पर लोगों ने कोल्ड ड्रिंक के अलावा बेल का शर्बत, गन्ने का जूस और लस्सी आदि का सेवन किया।
सुबह से सूरज में तेजी थी दोपहर होने से तपिश बढ़ गई और लोगों का गर्मी से गला सूखने लगा। प्यास बुझाने के लिए लोगों ने कोल्ड ड्रिंक पिया। इसके अलावा राहे रजा, राहे मुर्तजा पर बेल के शर्बत का ठेला लगाने वाले और गन्ने का जूस बेचने वालों का अच्छा कारोबार हुआ। बेल का शर्बत बेच रहे रमेश सैनी ने बताया कि लोग बेल का शर्बत पीना अधिक पसंद कर रहे हैं। क्योंकि यह शरीर को ताकत देता है और पेट के लिए भी बहुत फायदेमंद है। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में बेल का शर्बत पीने से बार-बार पानी पीने की जरूरत नहीं पड़ती है। जबकि कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद प्यास और बढ़ जाती है और बार-बार पानी पीने की इच्छा होने लगती है। शिद्दत की गर्मी में लोग सिर पर अंगोछा और छाता लगाकर घरों से बाहर निकले।
हाल-ए-मौसम
अधिकतम तापमान- 38 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान- 23 डिग्री सेल्सियस
आर्द्रता- 18 प्रतिशत
वायु वेग-11 किमी.प्रति घंटा
कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के मौसम वैज्ञानिक प्रो. उदय प्रताप शाही ने बताया कि अगले पांच दिन मौसम शुष्क रहने और 24-25 अप्रैल से लू चलने की संभावना है। जिससे तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। रात के तापमान में भी 4 डिग्री तक बढ़ोत्तरी हो सकती है।
