Rampur : चलती एक्सप्रेस ट्रेन से बदमाशों ने व्यापारी के कर्मचारियों से सात लाख लूटे
आरपीएफ व जीआरपी यूपी-उत्तराखंड की टीमों ने की कांबिंग
बिलासपुर, अमृत विचार। चलती ट्रेन में व्यापारी के कर्मचारियों से बदमाशों ने गन प्वाइंट पर दिन-दिहाड़े 7 लाख रुपए लूट लिए। साथ ही हवाई फायरिंग करते हुए बदमाश ट्रेन से ही कूदकर भाग गए। उधर, घटना से आरपीएफ व जीआरपी यूपी-उत्तराखंड में हड़कंप मच गया। टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण कर मामले की जांच पड़ताल की।
रुद्रपुर उत्तराखंड के मोहल्ला सिंह कॉलोनी निवासी मंदीप सिंह मोहल्ले में ही स्पेयर पार्ट्स की दुकान चलाते हैं। उनके अनुसार उनकी दुकान पर मोहल्ला जाफरपुर निवासी रितिक मंडल और मोहल्ला आवास विकास कॉलोनी निवासी साहब सिंह कार्य करते हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार की सवेरे दस बजे उनकी दुकान के दोनों कर्मचारी करीब सात लाख रूपए की नकदी लेकर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन से दिल्ली जा रहे थें। बताया जाता है कि स्थानीय रेलवे स्टेशन से एक किलोमीटर पहले आनंदनगर के मझरे के पास तीन बदमाशों ने गन प्वाइंट पर दोनों कर्मचारियों से चलती ट्रेन में करीब सात लाख रुपये लूट लिए। बाद में तीनों बदमाश तीव्र मोड़ पर जैसे ही ट्रेन स्टेशन के धीमी हुई तो, हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए।दूसरी ओर दोनों नौकरों ने उनके साथ हुई घटना के संबंध में जानकारी व्यापारी को देने के साथ ही पुलिस को भी अवगत कराया।जिससे पुलिस में खलबली मच गई।साथ ही सूचना पर रूद्रपुर-रामपुर की (आरपीएफ) रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स भी मौके पर पहुंच गई। बाद में पीड़ितों तथा व्यापारी से वार्ता कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। इसके पश्चात फोर्स ने पीड़ितों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। साथ ही जंगल में कांबिंग किए जाने के बावजूद भी बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। वहीं असिस्टेंट कमांडेंट मोहम्मद शारिक खान रेलवे स्टेशन पहुंचे। जहां पर उन्होंने टीम के सदस्यों से वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
