Moradabad:मासूमों ने सुनी थीं मां-बाप की चीखें, हमलावरों ने किए 40 वार, मुठभेड़ में एक कातिल गिरफ्तार
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र सोमवार की रात उस वक्त दहल गया था जब दंपति की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। वारदात के पीछे मकान खरीद-फरोख्त का विवाद बताया गया। अब मुरादाबाद पुलिस ने दोहरे हत्याकांड में शामिल एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दूसरी तरफ पोसमार्टम रिपोर्ट से भी चौंकाने वाले खुलासे हुए। कत्ल के वक्त 40 बार चाकू से वार किए गए थे। हत्यारों ने तीन मासूमों का भी ख्याल नहीं किया। उनके सामने ही मां-बाप को बेरहमी से कत्ल कर दिया।
दरअसल पुलिस को सूचना मिली थी कि मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना इलाके में रहने वाले राजा और उनकी पत्नी की हत्या में शामिल अनस को अगवानपुर पुल के पास देखा गया है। लिहाजा पुलिस मौके पर पहुंची, मगर खुद को घिरता देख अनस ने पुलिस पर फायर कर दिया। जिसके बाद जवाबी फायरिंग में उसको पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपी अनस को गिरफ्तार र लिया है।
पकड़े जाने के बाद पुलिस ने अनस से सख्ती से पूछताछ की। जिसमें उसने बताया कि मुख्य साजिशकर्ता फरजंद ने अपने पिता फहीम के अपमान का बदला लेने के लिए राजा और फराह का कत्ल किया था। फहीम को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। फिलहाल पुलिस फरजंद की तलाश कर रही है।
दूसरी तरफ मृतक राजा की पोस्टमार्टम में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक हत्यारों ने एक या दो नहीं बल्कि 40 बार चाकू से वार किए थे। राजा के गर्दन की नसें तक काट दी थीं। लिहाजा ज्यादा खून बहने की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। राजा के हाथों पर कुल 16 घाव मिले, जिससे पता चलता है कि राजा आखिर तक कातिलों से लड़ा होगा। वहीं फरहा के शरीर पर काफी घाव मिले हैं। हैरानी की बात ये कि तीन मासूम बच्चों के सामने ही उनके मां-बाप का कत्ल किया गया था।
कुछ समय पहले राजा ने वहीं के रहने वाले फहीम से एक कमरे का मकान खरीदा था। मकान की कीमत दो लाख 24 हजार रुपये थी। राजा ने मकान खरीदते समय दो लाख फहीम को दे दिया। फहीम पिछले कुछ समय से राजा से नये दाम पर रजिस्ट्री करने के लिए दबाव बना रहा था। इसके चलते दोनों में विवाद हो गया था। विवाद के चलते अपने साथियों के साथ मिलकर फहीम ने राजा और फरहा की हत्या कर दी।
