Bareilly: सुभाषनगर में दिनदहाड़े सैनिक की पत्नी की हत्या, घर के ड्राइंग रूम में मिली लाश 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। सुभाषनगर थाना क्षेत्र की वैष्णो धाम कॉलोनी में मंगलवार को दिनदहाड़े घर के अंदर अकेली महिला की हत्या कर दी गई। मारी गई गीता देवी के पति भारत सिंह यादव सेना में हैं। घटना के समय वह घर में अकेली थीं। आशंका है कि कातिल ने गला दबाकर उनकी जान ली और फरार हो गया। पुलिस मामले की तह में जाने को सीसीटीवी को खंगाल रही है। एक संदिग्ध फुटेज भी सामने आई है।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि गीता यादव (40) दो बच्चों के साथ घर में रहती थीं। पति भारत सिंह आर्मी में फिरोजपुर (पंजाब) में तैनात हैं। मंगलवार को दोनों बच्चे सुबह के समय स्कूल गए हुए थे। जब उनकी भतीजी शीतल घर पहुंची तो दस्तक के बाद भी गेट नहीं खुला। आशंकित होकर शीतल ने भाई सचिन को सूचना दी तो वह तुरंत ही आ गए। घर का दरवाजा खोलकर देखा तो गीता यादव ड्राइंग रूम में पड़ी थी। 

परिजन उन्हें तत्काल पास के हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घर में किसी तरह का कोई सामान बिखरा हुआ नहीं था। हालात देखकर लगा कि कातिल सिर्फ हत्या के मकसद से ही अंदर पहुंचा और वारदात को अंजाम देने के बाद वहां से निकल गया।
सीसीटीवी में नजर आया संदिग्ध

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए हैं। जांच के दौरान घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति घर में प्रवेश करता हुआ दिखाई दे रहा है। वह पहचान छिपाने के लिए हाथ में छाता लिए हुए है और उसके पास एक बैग भी नजर आ रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

कोई अपना ही तो नहीं कातिल
सुभाषनगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला की गला घोंटकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के समय महिला घर में अकेली थी। पुलिस को आशंका है कि कोई करीबी ही महिला का कातिल है। उसे सारी जानकारी थी। सीसीटीवी की जानकारी भी उसको थी। इसलिए उसने पहचान छुपाने के लिए छाता लिया था। शीतल ने बताया कि उसकी 11 बजे से सवा 11 बजे के बीच गीता फोन पर बात हुई थी। इसके बाद जब वह 12 बजे घर पहुंची तो गेट अंदर से बंद था। 45 मिनट के अंदर ही कातिल ने महिला की हत्या की है। हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।

एसपी सिटी मानुष पारिक ने बताया कि महिला का शव उसके घर में मिला है। हत्या की आशंका है। पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण सामने आ जाएगा। पुलिस जांच में जुटी है।

 

संबंधित समाचार