बाराबंकी : चिकन पॉक्स के चार मामले, स्वास्थ्य विभाग सतर्क

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। क्षेत्र के मुसकाबाद गांव में चिकन पॉक्स के चार मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। सोमवार को स्वास्थ्य टीम ने गांव पहुंचकर संक्रमित बच्चों का परीक्षण किया और दवाएं वितरित कीं। जानकारी के अनुसार, नजाकतुद्दीन के परिवार के चार बच्चे 11 वर्षीय शाहिद, 6 वर्षीय इकरा बानो, 5 वर्षीय सुमरा बानो और 12 वर्षीय मिकरा बानो चिकन पॉक्स से संक्रमित पाए गए हैं।

सूचना पर मेडिकल ऑफिसर डॉ. देव प्रताप सिंह के नेतृत्व में बीपीएम संजीव कुमार और बीसीपीएम शैलेष रावत की टीम गांव पहुंची, जिसमें संगिनी व आशा कार्यकत्री भी शामिल रहीं। टीम ने सभी मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं दीं और परिजनों को सतर्कता बरतने की सलाह दी। डॉ. देव प्रताप सिंह ने बताया कि चिकन पॉक्स एक संक्रामक बीमारी है, इसलिए संक्रमित बच्चों को अलग रखने, साफ-सफाई बनाए रखने और खुजली से बचने की सलाह दी गई है।

टीम ने गांव में जागरूकता अभियान चलाकर आशा-संगिनी को घर-घर निगरानी के निर्देश भी दिए। सीएचसी सिरौलीगौसपुर ने गांव में निगरानी बढ़ा दी है। साथ ही, लोगों से अपील की गई है कि बुखार या शरीर पर लाल दाने दिखने पर तुरंत आशा कार्यकत्री या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। स्वास्थ्य विभाग ने दवाओं और ओआरएस पैकेट का वितरण करते हुए सैंपल भी एकत्र किए हैं।

संबंधित समाचार