भीषण गर्मी से बचाव को श्रमिकों के लिए जारी की एडवायजरी, हीट-वेव से बचाव के लिए इन बातों पर ध्यान देना जरूरी
अयोध्या, अमृत विचार: भीषण गर्मी के मद्देनजर सहायक श्रमायुक्त नीरज कुमार चौधरी ने श्रमिकों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। श्रमिक संगठनों एवं संस्था को निर्देश दिया है कि इस दौरान बाहर काम करने वाले श्रमिकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। लू (हीट-वेव) से बचाव के लिए इन बातों पर ध्यान देना जरूरी है।
धूप से बचाव के लिए पूरे आस्तीन के कपड़े पहनें, सिर को गमछा, टोपी या छाते से ढकें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, नमक-चीनी का घोल, छाछ, नींबू पानी और आम का पना जैसे पेय पदार्थों का सेवन करें, हल्का भोजन एवं हरी सब्जियों का उपभोग करें। बाहर निकलते समय जूते-चप्पल और धूप के चश्मे का प्रयोग करें। दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक बाहर निकलने से बचें एवं दिन में कम से कम दो-तीन बार ठण्डे पानी से नहाएं।
श्रम विभाग से निर्माण एजेन्सियों, औद्योगिक इकाइयों के संचालकों, ईंट-भट्ठा निर्माता संघ और व्यापार मण्डल के प्रतिनिधियों को भी जारी किया है। कहा कि दोपहर की तेज धूप में श्रमिकों से कार्य न लिया जाए, कार्यस्थल पर छाया (शेड), ठंडे पेयजल एवं ग्लूकोज/ग्लूकोन-डी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। कार्य के समय में बदलाव कर श्रमिकों के स्वास्थ्य का ध्यान रखा जाए।
