Bareilly:गैस की किल्लत ने निकाला धुआं, एजेंसियों ने खड़े किए हाथ

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। शादियों के सीजन में गैस सिलेंडर को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। उपभोक्ताओं को दर-दर भटकना पड़ रहा है। गैस एजेंसी संचालकों की मानें तो स्थिति नियंत्रण से बाहर होती जा रही है और स्टॉक पूरी तरह खत्म होने के कगार पर है। रसूखदारों, सफेदपोश नेताओं और रसूखदार अधिकारियों की सिफारिशी कॉल आने के बावजूद एजेंसी संचालक सिलेंडर देने में असमर्थता जता रहे हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार का कहना है कि जिले में डेढ़ लाख से अधिक उपभोक्ताओं को नियमित सप्लाई भेजी जा रही है। युद्ध से पहले प्रतिदिन 23 से 25 हजार सिलिंडर प्रतिदिन डिलीवर होते थे, आज भी संख्या इतनी है लेकिन, हकीकत यह है कि एजेंसी के गेट पर स्टॉक खत्म की जानकारी देकर लौटाया जा रहा है। यही नहीं, विभाग ने अपनी नाकामी को छिपाने के लिए शादियों के सीजन काे कवच बना लिया है। डीएसओ का तर्क है कि सहालग में मांग बढ़ने से 29 अप्रैल तक यह किल्लत बनी रहेगी। गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि युद्ध के चलते हालात विकराल होने वाले हैं। एजेंसियों के गोदामों में स्टाक खत्म होने के कगार पर पहुंच गया। कई एजेंसियों के गोदाम पर छोटे कामर्शियल सिलेंडर तक नहीं है।

बरात के लिए जांच के बाद मिलेंगे सिलेंडर
गैस की किल्लत के बीच सहालग में एक शादी के लिए पांच कॉमर्शियल सिलेंडर दिए जाएंगे। प्रत्येक सिलेंडर पर 4,654 रुपये देने होंगे। इसमें से 2400 रुपये प्रति सिलेंडर सिक्योरिटी होगी। सिलेंडर लौटाने पर यह राशि वापस कर दी जाएगी। ऐसे में प्रति सिलेंडर वास्तविक शुल्क 2,254 रुपये होगा। डीएसओ का कहना है कि शादी के लिए सिलेंडर प्राप्त करने के लिए जिला आपूर्ति विभाग के कार्यालय में आवेदन करना होगा। मेहमानों की संख्या और सिलेंडरों की जरूरत का विवरण देना होगा। जांच के बाद ही सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।

संबंधित समाचार