UP Board Result : हाईस्कूल में 98.53 प्रतिशत, इंटरमीडिएट में 84.44 प्रतिशत बंदी उत्तीर्ण
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश की विभिन्न जेलों में निरुद्ध कई बंदी हर साल की तरह इस साल भी यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में शामिल हुए जिसमें हाईस्कूल में 98.53 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में 83.44 प्रतिशत बंदी उत्तीर्ण हुए।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, हाईस्कूल में सबसे अधिक बरेली जेल से नौ, आगरा जेल से आठ, लखनऊ जेल से सात और गाजियाबाद जेल से पांच बंदी शामिल हुए और सभी उत्तीर्ण हुए। प्रदेश की 30 जेलों से कुल 68 बंदी हाईस्कूल की परीक्षा में शामिल हुए थे जिसमें से 67 बंदी उत्तीर्ण हुए।
इसी प्रकार, इंटरमीडिएट की परीक्षा में सबसे अधिक गाजियाबाद, बरेली और गोरखपुर से 18-18 बंदी शामिल हुए थे जिसमें से गाजियाबाद जेल से 17, बरेली से 14 और गोरखपुर जेल से 17 बंदी इंटरमीडिएट की परीक्षा में उत्तीर्ण हुए। प्रदेश की 30 जेलों से 135 बंदी इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल हुए जिसमें से 114 बंदी उत्तीर्ण हुए।
कौशांबी : हाईस्कूल की छात्रा साक्षी मिश्रा को मिला छठा स्थान
कौशाम्बी : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा घोषित वर्ष 2026 के बोर्ड परीक्षा परिणाम में कौशाम्बी जिले का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है। हाईस्कूल में 87.90 प्रतिशत तथा इंटरमीडिएट में 83.10 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल घोषित हुए हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार हाईस्कूल परीक्षा में कुल 24,209 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 22,619 परीक्षा में शामिल हुए और 19,881 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। जनपद की टॉप-10 सूची में 22 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया, जिनमें सर्वाधिक 9 छात्र धर्मा देवी इंटर कॉलेज केनवार से, 5 छात्र यूएस इंटर कॉलेज सिराथू से तथा अन्य विभिन्न विद्यालयों से शामिल रहे।
धर्मा देवी इंटर कॉलेज केनवार की छात्रा साक्षी मिश्रा ने प्रदेश स्तर पर छठा स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया। हालांकि समग्र प्रदर्शन के आधार पर हाईस्कूल में जनपद को प्रदेश में 61वां स्थान मिला है। इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 21,595 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 20,210 परीक्षा में शामिल हुए और 16,795 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए।
टॉप-10 सूची में 11 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया, जिनमें धर्मा देवी इंटर कॉलेज के 4 और यूएस इंटर कॉलेज सिराथू के 3 छात्र शामिल हैं। हालांकि इंटरमीडिएट में इस वर्ष जनपद का कोई भी छात्र प्रदेश की टॉप-10 सूची में स्थान नहीं बना सका, फिर भी समग्र परिणाम के आधार पर कौशाम्बी को प्रदेश में 32वां स्थान प्राप्त हुआ है।
इटावा : बैंक गार्ड की बेटी ने हासिल किया पांचवां स्थान
उत्तर प्रदेश के इटावा जिले की एक छात्रा ने यूपी बोर्ड हाई स्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया है। चौधरी सुघर सिंह इंटर कॉलेज की कक्षा 10 की छात्रा प्रज्ञा भदौरिया ने 600 में से 582 अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने गणित विषय में शत-प्रतिशत 100 अंक अर्जित किए हैं। प्रज्ञा के पिता सुरेंद्र सिंह बैंक में सुरक्षा कर्मी हैं, जबकि उनकी मां उपमा एक निजी विद्यालय में शिक्षिका हैं।
सीमित संसाधनों के बावजूद छात्रा की इस सफलता से परिवार और विद्यालय में खुशी का माहौल है। प्रज्ञा ने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत को देते हुए कहा कि प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त कर वह बेहद खुश हैं। उनका सपना आईपीएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना है।
छात्रा की मां उपमा ने भी बेटी की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि वह उसे आईपीएस अधिकारी के रूप में देखना चाहती हैं। विद्यालय के प्रबंधक अनुज यादव ने कहा कि प्रज्ञा की इस उपलब्धि से विद्यालय का गौरव बढ़ा है और उन्हें विश्वास है कि वह भविष्य में अपने लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेगी।
