Bareilly : मुआवजे के लिए जुटे किसान, रिंग रोड का रोका निर्माण
सीबीगंज के गांव पस्तोर में निर्माण स्थल पर ट्रैक्टर लगाकर बंद किया रास्ता, इंजन चलाकर भरा पानी
बरेली/सीबीगंज, अमृत विचार। मुआवजे की मांग को लेकर सीबीगंज क्षेत्र के पस्तोर गांव के पास रिंग रोड निर्माण स्थल पर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। दिल्ली, बदायूं और लखनऊ रोड को जोड़ने वाले 29 किलोमीटर लंबे इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का काम किसानों ने पूरी तरह रुकवा दिया। गुस्साए किसानों ने निर्माण स्थल पर इंजन से पानी भर दिया, बल्कि ट्रैक्टर-ट्रॉलियों कोखड़ा कर रास्ते को ब्लॉक कर दिया। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी जमीन का पाई-पाई भुगतान नहीं हो जाता, तब तक एनएचएआई को एक इंच जमीन पर भी काम नहीं करने दिया जाएगा।
धरने पर बैठे पस्तोर निवासी किसान और नगर निगम के नामित पार्षद ज्ञानप्रकाश लोधी ने बताया कि प्रशासन ने रोड डालना तो शुरू कर दिया, लेकिन मुआवजे के नाम पर किसानों कोकेवल आश्वासन दिए हैं। किसान अंगन लाल ने कहा कि उनकी चार बीघा जमीन हाईवे में चली गई है, लेकिन घर में पैसा नहीं आया। वहीं किसान केदार और रेवाराम ने भी आरोप लगाया कि ले छह महीने से उन्हें गुमराह किया जा रहा है। किसानों का दावा है कि करीब 20 गांवों की जमीन इस प्रोजेक्ट में अधिग्रहित हुई है, लेकिन अभी तक मात्र 20 प्रतिशत लोगों को ही मुआवजा मिल सका है।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही भाजपा नेता एड. अनिल कुमार भी मौके पर पहुंचे और किसानों का समर्थन किया। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। इधर, किसानों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही खातों में धनराशि नहीं भेजी, तो यह सांकेतिक धरना एक उग्र आंदोलन में बदल जाएगा। फिलहाल, निर्माण कार्य पूरी तरह ठप है और किसानों का साफ कहना है कि जब तक मुआवजा नहीं तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
