शाहजहांपुर : दूल्हे की तबीयत बिगड़ी, फेरे लेने से पहले मौत
बरेली से तिलहर आई थी बरात, द्वारचार के समय बिगड़ी हालत
शाहजहांपुर, अमृत विचार। दूल्हा शादी से एक दिन पहले सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। उसकी तबीयत में सुधार हुआ तो वह बरेली से बरात लेकर तिलहर में दुल्हन के घर पहुंच गया। द्वारचार के समय उसकी तबीयत खराब हो गई। परिवार वालों ने उसे एक मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान बुधवार सुबह दूल्हे की मौत हो गई।
बरेली के थाना फरीदपुर के गांव करनपुर शंकरपुर निवासी संजू (25) की शादी तिलहर थाना क्षेत्र के गांव रजपुरी गांव में तय हुई थी। शादी को लेकर दोनों घरों में तैयारियां चल रही थी। बरात 27 अप्रैल को जानी थी। एक दिन पहले 26 अप्रैल की रात संजू बाइक से रिश्तेदार को लेने केशरपर जा रहे थे। रास्ते में ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी थी, जिससे संजू के पैर में चोट लग गई। परिवालों ने फरीदपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। संजू की हालत में सुधार हुआ तो परिजन अस्पताल से छुट्टी कराकर घर ले आए। परिजन 27 अप्रैल की शाम बरात लेकर बरेली से तिलहर के लिए निकल पड़े। रात में द्वारचार के समय दूल्हे संजू की अचानक तबीयत खराब हो गई। परिवार वाले एक मेडिकल कॉलेज में ले गए, जहां संजू को भर्ती कराया। दूल्हे की इलाज के दौरान बुधवार की सुबह मौत हो गई। तिलहर के उप निरीक्षक अनुज चौधरी ने बताया कि बरेली से बरात आई थी और द्वारचार के समय दूल्हे की तबीयत खराब हो गयी थी। उसका एक दिन पहले फरीदपुर में एक्सीडेंट हो गया था। उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मातम में बदली बरात की खुशियां
मृतक दूल्हा संजू के चचेरे भाई यशपाल ने बताया कि संजू प्राइवेट नौकरी करता था। दूल्हा संजू की एक्सीडेंट में घायल हो गया था। परिवार वाले बरात के चक्कर में छुट्टी कराके ले आए थे। डाक्टर ने दर्द की दवा देकर सलाह दी थी कि बरात के बाद उसे लेकर एक बार अस्पताल में चेकअप कराने के लिए आ जाना, लेकिन चेकअप से पहले उसकी जान चली गई। इससे पहले की उसकी मौत हो गई। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी दो बहनें है। इसमें एक बहन विवाहित है। इधर, दूल्हन का रो रोकर बुरा हाल है। बारात की खुशियां मातम में बदल गई।
