नोएडा पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क का किया पदार्फाश, एक गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर अवैध शराब तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। आरोपी के पास से लाखों रुपये की अवैध शराब बरामद की गयी है।

पुलिस ने रविवार को बताया कि गत शनिवार को पुलिस और आबकारी विभाग की टीम को सूचना मिली कि हरियाणा से अवैध शराब की एक बड़ी खेप ट्रक के माध्यम से क्षेत्र में लाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने इलाके में घेराबंदी कर जांच अभियान चलाया।

इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोका गया और तलाशी लेने पर उसमें से 237 पेटी हरियाणा मार्का शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से ट्रक को भी जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लाखाराम (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बाड़मेर जिले के कानासर गोलाई क्षेत्र का निवासी है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि वह हरियाणा से सस्ती शराब खरीदकर उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचता था।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी पुलिस और अन्य जांच एजेंसियों से बचने के लिए बेहद शातिर तरीके अपनाता था। वह शराब की खेप को छिपाने के लिए फर्जी बिल्टी (बिल ऑफ लोडिंग) और स्पेयर पार्ट्स के नकली बिल तैयार करता था, ताकि परिवहन के दौरान माल को वैध दिखाया जा सके। इस मामले में गौतमबुद्ध नगर के नॉलेज पार्क थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा जांच जारी है एवं यह मामला केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक संगठित गिरोह के सक्रिय होने की आशंका है।

टीम अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा और इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार