हैदराबाद में सक्रिय पाकिस्तानी हैंडलर्स तैयार कर रहे आतंक का नेटवर्क, ATS-बिजनौर पुलिस ने अब तक सात को किया गिरफ्तार, मास्टरमाइंड समेत तीन की तलाश

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: देश में हिंसात्मक आंदोलन और सांप्रदायिक दंगा करने की साजिश रचने वाले गिरोह का खुलासा एटीएस ने अप्रैल के पहले सप्ताह में किया था। एटीएस की जांच में सामने आया कि इस गिरोह को संचालित दुबई और दक्षिण अफ्रीका में बैठे युवक कर रहे हैं। इन युवकों को पाकिस्तानी हैंडलर लगातार निर्देश दे रहे हैं। जांच में सामने आया कि हैदराबाद में ठिकाना बनाये पाकिस्तानी हैंडलर्स ही पश्चिमी यूपी के युवकों सोशल मीडिया पर सक्रिय जासूसी और आतंकी नेटवर्क तैयार कर रहे हैं। इस मामले में शनिवार को बिजनौर पुलिस ने दक्षिण अफ्रीका में बैठकर गिरोह को संचालित करने वाले आरोपी को दिल्ली से दबोचा। अभी तक इस मामले में सात आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। मुख्य आरोपी आकिब और दो अन्य के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है।

एटीएस ने तीन अप्रैल को लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन के पास से चार आतंकियों साकिब, अरबाब, विकास व लोकेश को गिरफ्तार किया था। इसी बीच हापुड़ पुलिस ने अजीम राणा को गिरफ्तार किया। सभी से पूछताछ की गई तो देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने की पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि मेरठ के सठला गांव का आकिब दुबई और बिजनौर का मैजुल दक्षिण अफ्रीका से गिरोह का संचालन कर रहे हैं। आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। इन मोबाइल फोन में आग लगाकर दहशत फैलाने, खिलौना कार से विस्फोट करने जैसी कई आतंकी वारदातों के वीडियो बरामद किए गए थे। इन्हीं वीडियो में एक वीडियो ग्रुप काल का भी था। इसमें दुबई में रह रहे आकिब एके-47 और हैंड ग्रेनेड के साथ दिखाई दे रहा था। मैजुल ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी से इस वीडियो को पोस्ट किया था। शनिवार को मैजुल जैसे ही दक्षिण अफ्रीका से नई दिल्ली अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचा, सुरक्षा एजेंसियों ने उसे हिरासत में ले लिया। इसकी सूचना बिजनौर पुलिस को दी गई। बिजनौर पुलिस उसे गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। आकिब व आजाद वर्तमान में सऊदी अरब में हैं। पुलिस आकिब और आजाद की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

हैदराबाद का कनेक्शन आया सामने

एटीएस की जांच में सामने आया कि अजीम राणा व दुबई में बैठे सठला गांव के आकिब का हैदराबाद कनेक्शन सामने आया। पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के रिश्तेदार हैदराबाद में रहने की बात सामने आई है। इसका इनपुट मिलते ही एटीएस ने अपने जांच का दायरा बढ़ा दिया। अजीम राणा से पूछताछ के बाद मेरठ के भावनपुर स्थित जई गांव के आजाद राजपूत को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास मिले इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से दिल्ली व आसपास के इलाकों के प्रमुख मंदिरों की फोटो व वीडियो पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेजने की पुष्टि हुई। अजीम राणा पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के सीधे संपर्क में था और उसके रिश्तेदार से हैदराबाद में भी मिलने गया था।
सैलून में रची जा रही देश को दहलाने की साजिश

जांच में सामने आया कि पकड़े गये आरोपियों में दो सैलून में काम करते हैं। मेरठ के परीक्षितगढ़ स्थित अगवानपुर निवासी साकिब उर्फ डेविल और बिजनौर मैजुल दोनों सैलून में काम करते हैं। साकिब उर्फ डेविल मेरठ में सैलून संचालित करता है। वहीं, मैजुल दक्षिण अफ्रीका में सैलून में काम करता था। वहीं से वह साकिब के संपर्क में था। युवकों को भड़काकर देश को दहलाने की तैयारी कर रहे थे। जांच में सामने आया कि साकिब उर्फ डेविल आठ साल पहले हैदराबाद गया था।वहां सैलून पर काम करता था। वहां से दुबई गया। जहां सैलून में काम करता था। एटीएस की जांच में सामने आया था कि साकिब का पाकिस्तानी हैंडलर्स से संपर्क आकिब ने ही कराया था। आकिब लगातार सोशल मीडिया पर सक्रिय है और धमकियां दे रहा है।

मैजुल से एटीएस व एनआईए ने की पूछताछ

संदिग्ध आतंकी मैजुल से पुलिस के अलावा एटीएस की विशेष टीम और एनआईए की एक टीम ने पूछताछ की। पूछताछ के आधार पर जानकारी जुटा रही है कि स्थानीय स्तर पर कितने लोगों के संपर्क में है। आकिब के माध्यम से वह पाकिस्तानी हैंडलर अबू बकर के बारे में क्या जानता है और कितने युवक जोड़ा है। जांच एजेंसी पाकिस्तानी हैंडलरों के बारे में पता कराने में जुटी है। एजेंसी व पुलिस अबू बकर की तलाश में जुटी हैं।

संबंधित समाचार