UP में कल से बदलेगा मौसम : गर्मी से मिलेगी मामूली राहत, आंधी और बूंदाबांदी के आसार
लखनऊ। भीषण गर्मी और लू के प्रकोप का सामना कर रहे उत्तर प्रदेश में अगले 24 से 48 घंटे में आंधी और बूंदाबांदी के आसार हैं जिससे तापमान में मामूली गिरावट का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के दक्षिणी, मध्य और पूर्वी हिस्सों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है, जबकि कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है। आगामी 3 से 4 दिनों तक तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी के बाद हल्की गिरावट की संभावना जताई गई है।
विभाग के अनुसार 28 अप्रैल के बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लू की चेतावनी नहीं है और तापमान में हल्की गिरावट संभव है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार कानपुर नगर, कानपुर देहात, प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, जालौन, हमीरपुर, झांसी, ललितपुर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ और बलिया समेत अनेक जिलों में लू चलने की प्रबल संभावना है।
विशेष रूप से बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, जालौन और हमीरपुर को अधिक संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। कानपुर नगर में अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। शहर में दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को बेहाल कर रही हैं। न्यूनतम तापमान भी 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही।
मौसम विभाग ने कानपुर को लू प्रभावित जिलों में शामिल किया है। प्रयागराज, कौशांबी और फतेहपुर में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। इन जिलों में दोपहर के समय बाहर निकलना जोखिमपूर्ण माना जा रहा है। मौसम विभाग ने यहां विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। प्रयागराज और कौशांबी का तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया है।
बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर और जालौन जैसे बुंदेलखंड के जिलों में सर्वाधिक गर्मी दर्ज की जा रही है। यहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की संभावना है। हमीरपुर और जालौन में लू की स्थिति गंभीर श्रेणी में बताई गई है। लखनऊ, उन्नाव, बाराबंकी, सीतापुर, हरदोई और लखीमपुर खीरी में भी तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
लखनऊ, हरदोई और सीतापुर में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद में भी लू का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में भी अगले 24 घंटे तक गर्म हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने सलाह दी है कि सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें। खेतों में काम करने वाले मजदूरों और किसानों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। पशुधन और खड़ी फसलों पर भी गर्मी का प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
