हरदोई में बेकाबू कंटेनर ने मचाया तंडाव, कई वाहनों को रौंदा.. एक की मौत, 11 लोग गंभीर
हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में लोनार थाना क्षेत्र के जगदीशपुर कस्बे में हरदोई फर्रुखाबाद मार्ग पर रविवार सुबह करीब 11 बजे एक बेकाबू कंटेनर ने भीषण कहर बरपा दिया। फर्रुखाबाद की ओर से हरदोई जा रहा कंटेनर सबसे पहले सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकराया, लेकिन इसके बाद भी चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं कर सका। तेज रफ्तार कंटेनर सीधे जगदीशपुर कस्बे में घुसा और सड़क किनारे खड़े व चल रहे कई वाहनों और लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में एक करीब 40 वर्षीय अज्ञात महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार लोनार थाने के हरदोई फर्रुखाबाद मार्ग पर जगदीशपुर गांव में कंटेनर ने सबसे पहले एक ऑटो को टक्कर मारी, जिसमें सवार लोग घायल हो गए। इसके बाद फल के ठेलों को रौंदते हुए आगे बढ़ा और एक दिव्यांग व्यक्ति की ट्राई साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसके बाद कंटेनर ने दो ई-रिक्शा, एक अन्य ऑटो और एक पिकअप वाहन को भी जोरदार टक्कर मारी। इस दौरान सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हादसे में रमेश (50) निवासी लोनार, रुचि (25), हरिश्चंद्र निवासी रायपुर जरौली, पवन कुमार (24), पिंटू (25), खुशीराम (35), महेंद्र (45), राहुल (31), मुकेश, नरेश (35) और 12 वर्षीय प्रियांशु गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बावन पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हा दसे के बाद गुस्साए लोगों ने चालक को पकड़ लिया।सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह चालक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया और कंटेनर को कब्जे में ले लिया। आक्रोशित लोगों ने जाम लगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने समझा-बुझाकर हालात काबू में किए और सड़क से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। मृतक महिला की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
