सीतापुर में मौत बनकर दौड़ा बेकाबू ट्रक, महिला और उसके बेटे समेत तीन को कुचला
सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के इमलिया सुलतानपुर इलाके में सीतापुर-गोला रोड पर रविवार को तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसकी वजह से एक महिला और उसके बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार घटना उस समय हुई जब हिमांशु (30), उसकी मां रेखा (50), और सुनिता (45) सीतापुर के ऐलिया ब्लॉक में एक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे थे। तीनों रामकोट क्षेत्र के अरथाना गांव के निवासी थे।
पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक घटनास्थल से फरार हो गया है और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं। पुलिस के अनुसार, रेखा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि हिमांशु और सुनिता को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
