IPL 2026: रनवीरों के बीच 'म्यूजिकल चेयर' का खेल, 24 घंटे में तीन बार बदला ऑरेंज कैप का मालिक

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

IPL 2026 Orange Cap Update: इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सीजन में शनिवार का दिन रनों की बारिश और रिकॉर्ड्स की उथल-पुथल के नाम रहा। 25 अप्रैल को हुए दो धमाकेदार मुकाबलों ने ऑरेंज कैप की रेस को पूरी तरह पलट कर रख दिया है। आलम यह रहा कि सुबह जो बल्लेबाज बादशाहत की कुर्सी पर बैठा था, रात होते-होते वह पांचवें पायदान पर खिसक गया।

विराट कोहली को लगा जोर का झटका

आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली, जो अब तक रन बनाने के मामले में सबसे आगे चल रहे थे, उन्हें शनिवार के मैचों के बाद भारी नुकसान उठाना पड़ा है। दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के चलते कोहली अब सीधे 5वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उनके नाम 7 मैचों में 328 रन हैं।

एक दिन, तीन दावेदार और अभिषेक की बादशाहत

शनिवार को ऑरेंज कैप की रेस किसी रोमांचक फिल्म की तरह रही, जहां कब्जा बार-बार बदलता रहा:

1.  केएल राहुल का जलवा: दिन के पहले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान केएल राहुल ने 152 रनों की तूफानी पारी खेली। इस शतक के दम पर उन्होंने कोहली को पछाड़कर नंबर-1 की कुर्सी हासिल की।
2.  वैभव सूर्यवंशी की एंट्री: दूसरे मैच में राजस्थान रॉयल्स के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने हैदराबाद के खिलाफ 103 रन जड़कर राहुल से यह कैप छीन ली। वैभव के अब 8 मैचों में 357 रन हो चुके हैं।
3.  अभिषेक शर्मा ने मारी बाजी: लेकिन वैभव की यह खुशी ज्यादा देर नहीं टिक पाई। उसी मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए ऑरेंज कैप अपने सिर सजा ली। अब वह 380 रनों के साथ लीग के टॉप स्कोरर बन गए हैं।

IPL 2026: टॉप-5 रन बनाने वाले धुरंधर

खिलाड़ी टीम मैच कुल रन 
अभिषेक शर्मा सनराइजर्स हैदराबाद 8 380
वैभव सूर्यवंशी  राजस्थान रॉयल्स 8  357
केएल राहुल दिल्ली कैपिटल्स 7 357
हेनरिक क्लासेन सनराइजर्स हैदराबाद  8  349
विराट कोहली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 7 328

आज के मुकाबले: क्या फिर पलटेगी बाजी?

आज यानी 26 अप्रैल (रविवार) को फिर से डबल हेडर मुकाबले होने हैं। पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में होगा। वहीं, शाम के मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स की भिड़ंत कोलकाता नाइट राइडर्स से इकाना स्टेडियम में होगी। इन मैचों के बाद ऑरेंज कैप की रेस में एक बार फिर बड़े बदलाव की उम्मीद है।

 

संबंधित समाचार