बलिया में दामाद बना हैवान ! पत्नी और सास को चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट, ससुर की हालत नाजुक

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के बछईपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और सास की चाकू मारकर हत्या कर दी, जबकि ससुर को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल ससुर का इलाज वाराणसी के अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के अनुसार, गड़वार थाना क्षेत्र के सिहांचवर गांव निवासी अमित गुप्ता ने वर्ष 2022 में बछईपुर निवासी प्रीति के साथ प्रेम विवाह किया था। 

शादी के शुरुआती दिनों में कुछ अनबन हुई, लेकिन परिवार वालों ने अमित को स्वीकार कर लिया था। हालांकि, यह सुलह ज्यादा दिनों तक नहीं चली। घटना के दिन अमित अपने ससुराल आया और घर के बाहर चप्पल उतारकर सीधे पत्नी प्रीति के कमरे में घुस गया। वह बच्चा छीनने की कोशिश कर रहा था। प्रीति के चीखने पर अमित ने उसके साथ चाकू से हमला शुरू कर दिया।

बेटी की चीख सुनकर मां सुशीला देवी बचाने पहुंचीं, तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से वार कर दिया। शोर सुनकर पिता अंतु गुप्ता भी कमरे में दाखिल हुए, जिन्हें भी अमित ने लहूलुहान कर दिया। इस हमले में प्रीति और सुशीला देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अंतु गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रीति की बहन कीर्ति किसी तरह भागकर अपनी जान बचा सकी।

परिवार के मुताबिक, कुछ दिन पहले अमित पत्नी प्रीति को विदा कराकर ले गया था, लेकिन घर ले जाने की बजाय उसे कहीं और ले जाकर प्रताड़ित करने लगा था। बेटी की सुरक्षा को देखते हुए पिता अंतु गुप्ता उसे वापस मायके ले आए थे। पिछले 10 दिनों से प्रीति अपने मायके में ही रह रही थी। 

बलिया के पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि दो महिलाओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल अंतु गुप्ता का वाराणसी में इलाज जारी है। आरोपी अमित गुप्ता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है।

संबंधित समाचार