Rampur: बिलासपुर में दो मजारों पर चला बुलडोजर...सड़क चौड़ीकरण में बन रहे थे बाधा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिलासपुर, अमृत विचार। प्रशासन ने सोमवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईवे चौड़ीकरण की जद में आ रहीं दोनों दरगाहों को बुलडोजरों से जमींदोज करवा दिया। इस दौरान हाईवे को दोनों तरफ से बंद रखा गया और भारी फोर्स तैनात रही। देर रात में हुईं तैयारियों के बाद अचानक किए गए इन दोनों ध्वस्तीकरणों का आम नागरिकों को तब पता चला, जब वह सोकर उठे।

देर रात करीब तीन बजे नगरीय हाईवे पर ब्लॉक कार्यालय के सामने स्थित हजरत सादिक शाह मियां की दरगाह के सामने दो जेसीबी व खाली डंपर लाकर खड़े किए गए। 

इसके बाद मुख्य चौराहे व केमरी तिराहे पर यातायात रोक दिया गया और फोर्स तैनात हो गई। तड़के चार बजे बुलडोजरों ने दरगाह को ध्वस्त कर दिया। सड़क पर फैले मलबे को डंपरों में भर दिया गया। इसके तुरंत बाद मुख्य चौराहे से लेकर अहरो तिराहे वाले हिस्से का यातायात रोका गया और विशारदनगर स्थित हजरत साहू शाह मियां की दरगाह पर बुलडोजर चलाया गया। यहां भी मलबे को डंपर में भरवाकर सड़क साफ करा दी गई। 

इस कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी अरुण कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्षिता सिंह, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राजीव गंगवार, नायब तहसीलदार अंकुर अंतल व कोतवाल जीत सिंह सहित राजस्व, पीडब्ल्यूडी व पुलिस के कई अधिकारी मौजूद रहे। निकट थानों की फोर्स भी तैनात की गई थी। हाल ही में कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने नगर के भीतर से गुजर रहे आंतरिक हाईवे के चौड़ीकरण के लिए शासन से करोड़ों का प्रस्ताव स्वीकृत कराया था। 

चौड़ीकरण के लिए सड़क की जद में आ रहे निर्माणों पर 'लाल निशान' लगाए गए थे। चिन्हित स्थानों को खाली कराने की कार्रवाई शुरू हो गई है।पीडब्ल्यूडी के एई राजीव गंगवार ने बताया कि चिन्हीकरण के अनुसार दोनों दरगाहों को हटाने का निर्णय लिया गया था। अन्य चिन्हित स्थानों के बारे में उनका कहना था कि जैसा निर्णय होगा, वैसी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। उपजिलाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि यह पीडब्ल्यूडी की कार्रवाई है। प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग कर रहा है।

संबंधित समाचार