अमेठी : पुलिस के साथ मुठभेड़ में गोली लगने के बाद शातिर बदमाश गिरफ्तार, संग्रामपुर सहित कई थानों में करीब 20 मामले दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में पुलिस और स्वाट टीम के साथ मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश को बाएं पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) सरवणन टी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शनि पांडेय उर्फ सुभाष पांडेय संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मजरे बेलखरी का रहने वाला है। 

उन्होंने बताया कि पांडेय लंबे समय से चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं में संलिप्त था तथा उसके खिलाफ संग्रामपुर सहित विभिन्न पुलिस थानों मे करीब 20 मामले दर्ज हैं। सरवणन के मुताबिक, संग्रामपुर थाना प्रभारी संजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस और स्वाट टीम ने रविवार रात एक विशेष अभियान चलाया, जिसके तहत बिशेषरगंज तिराहे पर आरोपी की घेराबंदी कर उसे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

सरवणन ने बताया कि घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों को जान से मारने की नीयत से उन पर गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि जबाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर में भर्ती कराया गया।

सरवणन के अनुसार, आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा 12 बोर कारतूस, चोरी की बैटरी, झटका मशीन और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।  

संबंधित समाचार