अक्षय तृतीया पर लखनऊ के बाजार गुलजार ...150 करोड़ का हुआ कारोबार, एक दिन में बिक गया 55 करोड़ का सोना
लखनऊ, अमृत विचार : अक्षय तृतीय पर शहर में करीब 150 करोड़ का कारोबार हुआ। शुभ मुहूर्त पर लोगों ने 55 करोड़ का सोना और करीब 6 करोड़ की 200 किलो चांदी की खरीदारी की। इसके 100 करोड़ से अधिक के कपड़ा, इलेक्ट्रानिक उपकरण और वाहन भी बिके। 1500 से अधिक वाहन बिकने का अनुमान है। व्यापारियों के अनुसार सोने और चांदी की कीमत ज्यादा होने के कारण ग्राहकों ने हल्की ज्वैलरी ज्यादा पसंद की। 18 से 22 कैरेट की ज्वेलरी ज्यादा बिकी। अक्षय तृतीया पर ही शादी की सहालग की खरीदारी भी की गई।
सोने और चांदी के दाम बढ़ने के कारण सहालग की खरीदारी करने वाले ग्राहकों सोने की जगह चांदी की ज्वेलरी पहली पसंद बन गई। चौक सराफा एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आदीश जैन ने बताया कि 24 कैरेट सोने का दाम 1,58,200 रुपये प्रति दस ग्राम और 22 कैरेट का दाम 1,46,100 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। अक्षय तृतीया पर लोगों ने सोने की 18 और 22 कैरेट की लाइट ज्वेलरी ज्यादा पसंद की। ग्राहकों ने चांदी के सिक्के और गहने खूब खरीदे। उन्होंने बताया कि शाम 5 बजे से देर रात तक बाज़ार में भीड़ बनी रही। 2.56 लाख प्रति 10 ग्राम होने के बाद भी चांदी खूब बिकी। इनमें सिक्कों के साथ चांदी के बर्तन, पायल, बिछिया आदि शामिल है।
अमीनाबाद, भूतनाथ मार्केट, हजरतगंज, पत्रकारपुरम, गणेशगंज आदि बाजारों में रेडीमेड गारमेंट से लेकर लहंगा, साड़ी आदि खूब बिका। श्रीराम रोड स्थित स्वदेशी मार्केट के महामंत्री और कपड़ा कारोबारी प्रभू जालान ने बताया कि अक्षय तृतीय के साथ ही सहालग का सीजन शुरू हो जाने से बाजार में रौनक रहेगी। रविवार को कपड़ा बाजार में 10,000 से लेकर 1 लाख कीमत का लहंगा बिका। इसके अलावा साड़ी, चादर, परदा, रेडीमेड गारमेंट और ब्रांडेड आइटम पर छूट का ऑफर दिया गया।
रामनगरी के बाजारों में चांदी के आभूषणों की रही अधिक डिमांड
अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर रामनगरी के बाजारों में खासा उत्साह और चहल-पहल देखने को मिली। रविवार को इस तिथि पर सराफा बाजार सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ से गुलजार रहा। दुकानदारों ने बताया कि सुबह 10 बजे के बाद शुभ मुहूर्त शुरू होते ही खरीदारी की रफ्तार तेज हो गई। दिन भर में करीब 25 करोड़ का व्यापार होने का अनुमान लगाया गया।
ग्राहकों ने मुख्य रूप से हल्के और आकर्षक डिजाइन वाले आभूषणों को प्राथमिकता दी। झुमकी, अंगूठी, बाली, पायल, हल्की हसली और चूड़ियां खासतौर पर पसंद की गईं। महिलाएं और युवतियां इन हल्के गहनों की ओर ज्यादा आकर्षित दिखीं, क्योंकि ये रोजमर्रा के पहनने और आधुनिक फैशन दोनों के लिए उपयुक्त हैं। अयोध्या के चौक, रिकाबगंज समेत अयोध्या धाम के सराफा बाजार में कई दुकानदारों ने स्पेशल ऑफर और डिस्काउंट घोषित किए, जिससे खरीदारी और बढ़ी। परिवारों के साथ आए लोग पूजा सामग्री के साथ-साथ शुभ मुहूर्त में सोना खरीदने की परंपरा निभाते दिखे।
सराफा बाजारों में दिखी भीड़, हल्के आभूषण रहे पहली पसंद
सराफा व्यवसायी विजय मेहता ने बताया इस बार महंगाई के बावजूद हल्के आभूषणों की बिक्री में 30-40 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। ग्राहक वजन कम रखकर डिजाइन पर फोकस कर रहे हैं। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय मंत्री व थोक व्यापारी उत्तम बंसल ने बताया कि रविवार को मिला जुला असर देखने को मिला। सोने का कम चांदी का व्यापार अधिक हुआ है।
