लखनऊ में गर्मी में बढ़ा करंट का खतरा, जर्जर तार और ट्रांसफार्मर बने जानलेवा
लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ में बढ़ती गर्मी के साथ बिजली व्यवस्था पर दबाव बढ़ता जा रहा है। तापमान में इजाफे के कारण बिजली की खपत बढ़ी है, जिससे तारों और ट्रांसफार्मरों पर लोड ज्यादा पड़ रहा है। नतीजतन कई स्थानों पर बिजली के तार जलने और ट्रांसफार्मर फुंकने की घटनाएं सामने आ रही हैं। हालात इतने गंभीर हैं कि कुछ बिजली घरों पर पावर ट्रांसफार्मरों को ठंडा रखने के लिए कूलर तक लगाए जा रहे हैं।
इसी बीच जर्जर तारों और लोहे के खंभों में करंट आने की घटनाएं भी लोगों के लिए खतरा बनती जा रही हैं। सड़क किनारे लगे पुराने खंभे और ढीले तार कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। नादरगंज क्षेत्र के रमेश के अनुसार, 11 केवी लाइन के नीचे सुरक्षा गार्ड न होने से तार टूटकर वाहनों पर गिरने का खतरा बना रहता है। चिनहट के लौलाई इलाके में तो हालात और भी चिंताजनक हैं, जहां 400 केवीए ट्रांसफार्मर के पास ही लोग पान की दुकान चला रहे हैं।
ट्रांसफार्मर से तेल रिसाव भी हो रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। वहीं निलमथा के मुख्य चौराहे पर 11 केवी तार सड़क पर पड़े हैं, जिनके ऊपर से लगातार वाहन गुजर रहे हैं। बिजली विभाग ने इन खतरों को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। मुख्य अभियंता अमौसी जोन ने बताया कि बिजली तारों के पास बने घरों को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है, इसके बावजूद लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।
बिजली विभाग की उपभोक्ताओं के लिए जारी किए गए निर्देश
-एचटी लाइन से कम से कम दो मीटर दूरी पर ही छज्जा बनाएं
-एलटी लाइन पर किसी भी तरह का पाइप न लगाएं
-तार ढीला दिखे तो तुरंत पावर हाउस को सूचना दें
-गर्मी में बिजली के खंभों और तारों से दूरी बनाए रखें
-जानवरों को खंभों के पास न बांधें
-जर्जर 11 केवी तारों के पास वाहन खड़ा न करें
