लखनऊ में गर्मी से निजात पाने के लिए बने कूलिंग प्वाइंट, महापौर ने किया शुभारंभ
लखनऊ, अमृत विचार : शहर में बढ़ती गर्मी और हीट वेव से नगर निगम के कूलिंग प्वाइंट आमजन को राहत दिलाएंगे। इस बार अप्रैल माह में ही लू और बढ़ती गर्मी से बचाव के लिए नगर निगम ने कूलिंग प्वाइंट तैयार किये हैं। इनमें छाया, बैठने के लिए सोफे-कुर्सियां, बेड, पंखे, कूलर, गुड़ और ठंडे पानी का इंतजाम है।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने सोमवार को नगर निगम मुख्यालय और 1090 चौराहे पर बनाये गए इन कूलिंग प्वाइंट का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य राहगीरों, कामकाजी लोगों और जरूरतमंदों को तेज गर्मी से कुछ राहत प्रदान करना है।
पॉलिटेक्निक चौराहा, गोमती नगर पत्रकारपुरम चौराहा, जीएसटी भवन, जीपीओ विधानसभा मार्ग और भार्गव पेट्रोल पंप रोड पर भी इसी प्रकार के कूलिंग पॉइंट्स स्थापित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, डॉ. अरविन्द कुमार राव और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
बंद पड़े वाटर कूलर, लोग परेशान
भीषण गर्मी के बीच नगर पंचायत गोसाईगंज में पेयजल व्यवस्था चरमरा गई है। नगर के वार्डों में लगाए गए 12 से अधिक वाटर कूलर शोपीस बनकर रह गए हैं। इनमें से केवल दो-तीन ही चालू हालत में हैं, जबकि अधिकांश या तो खराब पड़े हैं या पूरी तरह गायब हो चुके हैं। जिससे लोगों को मजबूरन बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है। लोगों ने मंडलायुक्त को ज्ञापन देकर खराब कूलरों की मरम्मत और नए हैंडपंप लगाने की मांग की है। अधिशासी अधिकारी सीमा राय ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।
ये भी पढ़ें :
लविवि : परास्नातक के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ, समर्थ पोर्टल के माध्यम से होगा प्रवेश
