शिव मंदिर के शिखर पर सीएम आज करेंगे ध्वज आरोहण, कई प्रमुख स्थानों पर वाहनों को प्रवेश नहीं

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। राम मंदिर के 800 मीटर की परिधि में बने परकोटा के ईशांत कोण पर स्थापित शिव मंदिर में बुधवार को सीएम योगी आदित्यनाथ साधु-संतों और लगभग 1500 लोगों के मौजूदगी में ध्वज आरोहण करेंगे। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट समारोह के सम्बंध में सभी तैयारियों को पूरा कर लिया है। शिव मंदिर के शिखर पर बुधवार शाम 4 बजे से 6 बजे के बीच ध्वज आरोहण के पूर्व वैदिक मंत्रोच्चण से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूजन करेंगे। 

राम मंदिर ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल जी राव ने मंगलवार को बताया कि शिव मंदिर के ही निकट पूरे आयोजन को संपन्न किया जाएगा है। लगभग दो घंटे के कार्यक्रम में सीएम योगी ध्वज आरोहण के बाद अतिथियों को संबोधित भी करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार के आयोजन में ज्यादा दूरी के लोगों को आमंत्रण पत्र कम से कम भेजा गया है। स्थानीय लोगों को अधिक से अधिक वरीयता दी गई है। उन्होंने बताया कि वैशाख शुक्ल त्रयोदशी को सायंकाल पांच बजे इस समारोह को संपन्न किया जाएगा।

यातायात डायवर्जन 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या धाम भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। पुलिस विभाग की ओर से मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार बुधवार दोपहर 3 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक अयोध्या धाम क्षेत्र में कई प्रमुख स्थानों पर वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

रामपथ से अयोध्या धाम की ओर आने वाले सभी प्रकार के वाहनों का टेढ़ी बाजार (गुरु वशिष्ठ चौराहा) से लतामंगेशकर चौक की ओर प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। श्रृंगारहाट से हनुमानगढ़ी की ओर सभी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। हनुमानगुफा बैरियर से लता मंगेशकर चौक की तरफ कोई भी वाहन नहीं जा सकेगा।

लता मंगेशकर चौक से टेढ़ी बाजार की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुराना सरयू पुल से लता मंगेशकर चौक की ओर सभी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। रानोपाली रेलवे क्रॉसिंग से टेढ़ी बाजार की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को उदासीन आश्रम के सामने से होते हुए विद्याकुंड तिराहा होकर अपने गंतव्य तक जाने की अनुमति होगी।

कार्यक्रम में आमंत्रित अतिथि निम्न पार्किंग स्थलों पर खड़े कर सकेंगे। टेढ़ी बाजार चौराहे के पास अरुन्धति मल्टीलेवल पार्किंग, गोकुल भवन के बगल वाली पार्किंग, ब्रह्मकुण्ड गुरुद्वारा के सामने परिक्रमा मार्ग पर स्थित पार्किंग में आधा घंटे पहले प्रवेश दिया जाएगा। यह डायवर्जन आवश्यक सेवाओं पर लागू नहीं होगा।

ये भी पढ़ें : 
यूपी में बच्चों को बेहतर सुविधा देने में जुटी योगी सरकार, स्कूलों में ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ और ‘अलंकार’  

संबंधित समाचार