Bareilly: ऐसे तो पूरा होने से रहा सीएम ग्रिड का काम, फेज-वन और टू की कछुआ चाल
बरेली, अमृत विचार। सीएम ग्रिड के फेज-वन और फेज-टू के कार्यों को पूरा करने के लिए 30 मई तक का लक्ष्य निर्धारित किया है, लेकिन वर्तमान गति को देखते हुए यह असंभव प्रतीत हो रहा है। महज एक महीना शेषहै लेकिन कार्यस्थलों पर न तो पर्याप्त श्रमिक नजर आ रहे हैं और न ही निर्माण प्रक्रिया में कोई तेजी दिखने को मिल रही है।
फेज-वन के तहत स्टेडियम से मॉडल टाउन तक खोदाई के बाद मिट्टी सड़क पर ही छोड़ दी गई है, जिससे दोपहिया वाहन चालक लगातार फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। वहीं, फेज-टू के अंतर्गत कोहाड़पीर से नैनीताल मार्ग पर सीवर लाइन का काम महीनों से अधर में है। यहां खोदे गए गहरे गड्ढे और निर्माण सामग्री के कारण यातायात बाधित हो रहा है। मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी ने बताया कि ठेकेदारों को अल्टीमेटम जारी किया है कि हर हाल में 30 मई तक कार्य पूर्ण करना अनिवार्य है। रफ्तार नहीं बढ़ी तो अब भारी जुर्माना लगाने और काली सूची में डालने जैसी कार्रवाई की जाएगी।
36 करोड़ से चमकेगी महर्षि चौक से श्यामगंज पुल तक सड़क
सीएम ग्रिड के तहत महर्षि वाल्मीकि चौक से श्यामगंज पुल तक की लगभग डेढ़ किमी लंबी सड़क का 36 करोड़ से कायाकल्प किया जाएगा। एक्सईएन राजीव राठी के अनुसार, इस प्रोजेक्ट का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है, मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होगा। इसमें डिवाइडर की चौड़ाई 0.7 मीटर से बढ़ाकर 1.2 मीटर की जाएगी, जिससे न केवल सड़क का स्वरूप बदलेगा बल्कि सुगम यातायात प्रबंधन भी होगा।
