यूपी में बच्चों को बेहतर सुविधा देने में जुटी योगी सरकार, स्कूलों में ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ और ‘अलंकार’
लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश सरकार स्कूलों में बच्चों को बेहतर और सुविधायुक्त माहौल देने के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में जुटी है। इस क्रम में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को स्कूलों में कमियां चिन्हित कर उन्हें प्राथमिकता से दूर करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अब किसी भी विद्यालय में आवश्यक सुविधाओं का अभाव स्वीकार्य नहीं होगा। ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के तहत शेष कमियों को दूर करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा और गैप एनालिसिस के जरिए हर स्कूल की जरूरतों का आकलन किया जाएगा।
माध्यमिक विद्यालयों में ‘प्रोजेक्ट अलंकार’ के माध्यम से अधोसंरचना को मजबूत किया जाएगा। संसाधनों की कमी होने पर सीएसआर और अन्य विभागों के सहयोग से सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही सभी स्कूलों को विद्यांजलि पोर्टल से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरतों को ऑनलाइन दर्ज कर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
