Bareilly : बरेली कॉलेज के प्रवक्ता डॉ. मिन्नी यादव की सड़क हादसे में मौत, कॉलेज में छाया शोक
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज के राजनीति शास्त्र विभाग में गेस्ट लेक्चरर (अतिथि प्रवक्ता) डॉ. मिन्नी यादव की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा उनके गृह जनपद जौनपुर में हुआ। उनकी मौत की खबर से बरेली कॉलेज में शोक छा गया। प्रोफेसर, कर्मचारी, छात्रनेताओं से लेकर छात्र तक, सब गमगीन हो गए। डॉ. मिन्नी यादव ने बरेली कॉलेज से ही पढ़ाई की, छात्र राजनीति में सक्रिय रहे और अब लेक्चरर के तौर पर यहीं पढ़ा भी रहे थे।
डॉ. मिन्नी यादव मूलरूप से जौनपुर जनपद के रहने वाले थे। उनके भाई बरेली में पीडब्ल्यूडी विभाग में तैनात थे-उन्हीं के साथ वह बरेली और इसी शहर के हो गए। पढ़ाई पूरी करने के बाद अभी कॉलेज में पढ़ा रहे थे।
बरेली कॉलेज के राजनीति शास्त्र विभाग की प्रोफेसर डॉ. नीलम गुप्ता, उनके व्यवहार को याद करके गहरे शोक से भर जाती हैं। कहती हैं कि दो दिन पहले ही बात हुई थी। एक एग्जाम में उनकी ड्यूटी लगी है। लेकिन उससे पहले ही ये दुखद खबर सामने आ गई कि डॉ. मिन्नी यादव हमारे बीच नहीं रहे। पहले तो किसी को भी इस बात पर यकीन नहीं हुआ।
बरेली कॉलेज के छात्रसंघ के महामंत्री रहे डॉ. ह्देश यादव कहते हैं कि डॉ. मिन्नी यादव छात्र राजनीति में सक्रिय रहे। वह किसी दल विशेष के नहीं बल्कि छात्रों नेता के रूप में रहे। एक्टिव छात्र नेताओं की दिल खोलकर मदद करते थे। बरेली कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. राजीव यादव ने डॉ. मिन्नी यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
बरेली लौटते वक्त हादसा
डॉ. मिन्नी यादव अपने भाई राजेंद्र यादव के साथ जौनपुर से लखनऊ के लिए लौट रहे थे। जौनपुर में सुजानगंज थाना क्षेत्र के बाहरपुरकला गांव के पास उनकी गाड़ी की डंपर से टक्कर हो गई। हादसा इतना भयंकर था कि 42 साल के मिन्नी यादव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनके भाई राजेंद्र यादव घायल हो गए। उन्हें लखनऊ के पीजीआई में भर्ती कराया गया।
दरअसल, दोनों भाई अपने घर से कार्यस्थलों के लिए लौट रहे थे। डॉ. मिन्नी यादव को बरेली लौटना था, जबकि उनके भाई लखनऊ में रुक जाते, क्योंकि वह वहीं तैनात हैं। लेकिन उनके गृह जनपद में ही ये खौफनाक हादसा हो गया, जिसमें डॉ. मिन्नी यादव की मौत हो गई। बरेली कॉलेज के पुराने छात्र नेताओं से लेकर टीचर्स और छात्रों ने डॉ. मिन्नी यादव के निधन पर शोक जताया है।
