IPL 2026 : तीन हार झेल चुकी डीसी के लिए आसान नहीं प्लेऑफ की रेस, क्या रोक पाएगी राजस्थान का विजय रथ?
जयपुर। आईपीएल 2026 के 43वें मैच में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) से होगा। लगातार तीन हार झेल चुकी डीसी को पिछले दो मैचों में बेहद करारी हार मिली है। टीम अब आत्मविश्वास वापस हासिल करके अपने अभियान को पटरी पर लाने की कोशिश करेगी। पिछले तीन में से दो मैच जीत चुकी आरआर की लय अच्छी चल रही है और वे इसे ही जारी रखना चाहेंगे। राजस्थान नौ मैचों में 12 अंकों के साथ तालिका में चौथे स्थान पर है जबकि दिल्ली आठ मैचों में छह अंकों के साथ सातवें स्थान पर है। राजस्थान जीत के साथ प्लेऑफ के करीब पहुँच जायेगी। दूसरी तरफ एक और हार दिल्ली की उम्मीदों पर करारा प्रहार करेगी।
डीसी टॉप ऑर्डर बनाम जोफ़्रा आर्चर
इस सीजन पावरप्ले में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ जोफ़्रा आर्चर के सामने डीसी का मज़बूत टॉप ऑर्डर एक बड़ी चुनौती पेश करेगा, ख़ासकर केएल राहुल और नितीश राणा के रूप में। टी20 क्रिकेट में राहुल ने आर्चर के ख़िलाफ़ 9 पारियों में 96 रन बनाए हैं, सिर्फ़ 2 बार आउट हुए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 135 रहा है। वहीं राणा का रिकॉर्ड उतना प्रभावशाली नहीं है।
आईपीएल में आर्चर के ख़िलाफ़ 4 पारियों में वह सिर्फ़ 9 रन बनाकर 2 बार आउट हुए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 69 का रहा है। क्या डीसी डेथ ओवर्स के लिए कुलदीप का एक ओवर बचाकर रखेगी? कुलदीप यादव का रिकॉर्ड RR के फ़िनिशर्स डॉनोवन फ़रेरा और दासुन शनाका के ख़िलाफ़ काफ़ी अच्छा रहा है, ऐसे में डीसी उनके ख़िलाफ़ डेथ ओवर्स में कुलदीप का एक ओवर बचाकर रख सकती है। फ़रेरा ने कुलदीप के ख़िलाफ़ टी20 में 3 पारियों में 15 रन बनाए हैं और 2 बार आउट हुए हैं। हालांकि उनका स्ट्राइक रेट 167 है। वहीं शनाका ने 5 पारियों में 21 रन बनाए हैं और 2 बार आउट हुए और उनका स्ट्राइक रेट 100 रहा है।
ओपनिंग पार्टनरशिप में साफ़ अंतर
दोनों टीमों की ओपनिंग साझेदारियों में इस सीजन साफ़ अंतर देखने को मिला है। आरआर की ओपनिंग जोड़ी लीग की सबसे मज़बूत जोड़ियों में से एक रही है। 9 पारियों में 451 रन, 50.1 की औसत, 202 का स्ट्राइक रेट और 5 अर्धशतकीय साझेदारियां। दूसरी तरफ़ डीसी की ओपनिंग जोड़ी संघर्ष करती नज़र आई है। 8 पारियों में सिर्फ़ 190 रन, 23.8 की औसत, 160 का स्ट्राइक रेट और केवल 2 अर्धशतकीय साझेदारियां।
कप्तान पराग को आगे आना होगा
रियान पराग ने इस सीज़न में पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ 29 रन बनाकर अपना सर्वोच्च स्कोर जरूर दर्ज किया, लेकिन वह टीम को जीत तक नहीं ले जा सके। इस सीज़न 100 रन बनाने वाले बल्लेबाज़ों में उनका औसत सबसे कम है। 9 पारियों में उन्होंने 117 रन बनाए हैं, औसत 14.6, स्ट्राइक रेट 125 और सर्वोच्च स्कोर 29 रहा है। तेज़ गेंदबाज़ी के ख़िलाफ़ उनका संघर्ष ज़्यादा स्पष्ट है।
5 बार आउट, औसत 11.8 और स्ट्राइक रेट 107 जबकि स्पिन के ख़िलाफ़ 3 बार आउट, औसत 19.3 और स्ट्राइक रेट 149 रहा है। आईपीएल 2026 में न्यूनतम 100 रन बनाने वाले बल्लेबाज़ों में सबसे कम औसत पराग (14.6) का है, इसके बाद सूर्यकुमार यादव (20.3), पथुम निसंका (21), हार्दिक पंड्या (21.3) और आयुष बदोनी (21.5) का नंबर आता है।
ये भी पढ़ें :
RR कप्तान रियान पराग पर BCCI का एक्शन, ड्रेसिंग रूम में वेपिंग वीडियो वायरल होने पर लगा 25% मैच फीस का जुर्माना
