जालौन : जिलाधिकारी ने किया ग्रामीणों के साथ संवाद, परखी सरकारी योजनाओं की हकीकत
जालौन। उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के विकास खंड क्षेत्र स्थित ग्राम पहाड़पुरा में गुरुवार को आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम जनभागीदारी का प्रभावी मंच बनकर उभरा, जहां नोडल अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी। कार्यक्रम के दौरान नोडल अधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ सभी पात्र लाभार्थियों तक सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने मौके पर लाभार्थियों से बातचीत कर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का फीडबैक भी लिया। इस अवसर पर अन्नप्राशन और गोद भराई कार्यक्रम आयोजित कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। नोडल अधिकारी ने कन्या सुमंगला, जननी सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और आयुष्मान भारत योजना की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य जन्म से लेकर वृद्धावस्था तक नागरिकों का समग्र कल्याण सुनिश्चित करना है।
उन्होंने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए प्रेरित करते हुए जल संरक्षण पर विशेष जोर दिया और कम पानी में तैयार होने वाली फसलों को अपनाने की सलाह दी, ताकि बदलती जलवायु परिस्थितियों में कृषि को टिकाऊ बनाया जा सके। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, उपजिलाधिकारी हेमंत पटेल सहित अन्य विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
