बाराबंकी : शालीमार पैराडाइज में करोड़ों की बड़ी चोरी, ठेकेदार के घर से जेवर, कैश और लाइसेंसी पिस्टल पार

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

बाराबंकी, अमृत विचार : लखनऊ रोड स्थित शालीमार पैराडाइज आवासीय परिसर में गुरुवार को हुई एक बड़ी चोरी की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। गेटेड कॉलोनी होने के बावजूद ठेकेदार अजय बघेल के घर को निशाना बनाते हुए चोर करीब एक करोड़ रुपये के जेवर, करीब एक लाख नकद और लाइसेंसी पिस्टल लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गईं और देर शाम तक जांच जारी रही। 

जानकारी के अनुसार, अजय बघेल मूल रूप से देवरिया जिले के अहरौली क्षेत्र के निवासी हैं और उनका गोरखपुर में भी आवास है। उन्होंने बताया कि वह 9 अप्रैल से परिवार के साथ गोरखपुर गए हुए थे। गुरुवार दोपहर जब वह शालीमार पैराडाइज के विला सी-5 के अपने घर लौटे तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी के लॉकर टूटे पड़े थे और सारा कीमती सामान गायब था। पीड़ित के मुताबिक, चोर करीब एक करोड़ रुपये के जेवर, एक लाख रुपये नकद और लाइसेंसी पिस्टल चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। सीओ सिटी संगम कुमार क्राइम ब्रांच टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घर का बारीकी से निरीक्षण किया गया। 

फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से अहम साक्ष्य जुटाए

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि अजय बघेल ने अपने चालक को घर की चाबी दे रखी थी। इसी आधार पर उन्होंने चोरी में किसी अंदरूनी व्यक्ति की संलिप्तता की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस नौकर, गार्ड और अन्य संबंधित लोगों से गहन पूछताछ कर रही है। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

संबंधित समाचार