Bangladesh: भारत के कार्यवाहक राजदूत को तलब किया, असम CM हिमंत बिस्वा सरमा के बयान पर दर्ज कराया औपचारिक विरोध 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

ढाका। बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने भारत के कार्यवाहक उच्चायुक्त पवन बधे को तलब किया और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की कुछ टिप्पणियों पर औपचारिक विरोध दर्ज कराया। मीडिया में जारी खबरों में यह जानकारी सामने आई। यूएनबी समाचार सेवा के अनुसार, एक अधिकारी ने बताया कि महानिदेशक (दक्षिण एशिया) इशरत जहां ने बृहस्पतिवार को भारतीय राजनयिक को बांग्लादेश का पक्ष बताया। 

शर्मा ने पिछले सप्ताह सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा था कि असम में 20 विदेशी नागरिकों को पकड़ा गया और उन्हें बांग्लादेश वापस भेज दिया गया। शर्मा ने कहा था, "अशिष्ट लोग प्यार की भाषा नहीं समझते। हम इस बात को बार-बार याद करते हैं, जब हम असम से उन घुसपैठियों को निकालते हैं जो खुद वापस नहीं जाते। उदाहरण के लिए, ये 20 अवैध बांग्लादेशी जिन्हें कल रात वापस भेज दिया गया।" 

इशरत ने भारतीय राजनयिक से कहा कि इस तरह की टिप्पणियां दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों की भावना को कमजोर करती हैं। अधिकारी ने इन टिप्पणियों को बांग्लादेश-भारत संबंधों के लिए 'अपमानजनक' बताया और ढाका की नाराजगी व्यक्त की। इशरत ने संवेदनशील द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करते समय संयम बरतने के महत्व पर जोर दिया। 

हसीना सरकार के 2024 में पतन के बाद मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के सत्ता में आने के बाद से भारत और बांग्लादेश के संबंधों में खटास आई। फरवरी में हुए संसदीय चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की जीत के बाद तारिक रहमान के प्रधानमंत्री बनने के बाद से भारत और बांग्लादेश द्विपक्षीय संबंधों को फिर से मजबूत करने के प्रयास किये जा रहे हैं।
 

ये भी पढ़ें : 
Kailash Mansarovar Yatra 2026: चीनी दूतावास ने मानसरोवर यात्रा शुरू करने का किया स्वागत, 1000 भारतीयों को मिलेगी सुविधा 

संबंधित समाचार