Tennis Tournament : आईटीएफ जूनियर जे-30 टेनिस टूर्नामेंट का आगाज़, युवा खिलाड़ी दिखाएंगे अपना दमखम
लखनऊ, अमृत विचार : गोमती नगर के विजयंत खंड मिनी स्टेडियम में शनिवार से आईटीएफ जूनियर जे-30 टेनिस टूर्नामेंट का आगाज़ होगा। पहले दो दिनों में बालक व बालिका एकल वर्ग के क्वालिफाइंग मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि मुख्य ड्रॉ के मैच 4 मई से शुरू होंगे। क्वालिफाइंग राउंड में 30 पुरुष और 25 महिला खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
इस चरण में चीन के कैन लवानी, अमेरिका की अनाया सेन और ऑस्ट्रेलिया की ट्रूशा जैनी पर विशेष नजर रहेगी। स्थानीय खिलाड़ियों में उत्तर प्रदेश के रोहिन राज गुप्ता, अभ्युदय सिंह, हारिस खान, मोहम्मद शीज, ध्रुव सिंह, फैज अली किदवई और शारान्या श्रीवास्तव मुख्य ड्रॉ में जगह बनाने की चुनौती पेश करेंगे।
आयोजन सचिव समित केसरी और यूपी टेनिस एसोसिएशन के सचिव पुनीत अग्रवाल के अनुसार तैयारियां पूरी हैं। क्वालिफाइंग से 8-8 खिलाड़ी मुख्य ड्रॉ में पहुंचेंगे। मुख्य ड्रॉ 3 मई को घोषित होगा, जबकि 4 से 9 मई तक एकल व युगल मुकाबले खेले जाएंगे।
