सऊदी में भारतीय हज यात्रियों की बदइंतजामी पर पीएम से हस्तक्षेप की मांग, हज की अंतिम दो उड़ाने भी हुईं रवाना

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: सऊदी अरब के अजीजिया क्षेत्र में भारतीय हज यात्रियों के लिए बदइंतजामी पर पसमांदा मुस्लिम समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अनीस मंसूरी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने बताया कि मक्का के होटलों, विशेषकर आसफ अल कुरैशी होटल के एक-एक कमरे में 8 से 16 हाजियों को रखा गया है। 16 लोगों पर मात्र एक वॉशरूम है। गंदगी और गंदा पानी कमरों तक आ रहा है। लिफ्ट खराब होने और बुनियादी सफाई न होने से बुजुर्ग जायरीन बेहाल हैं।

उन्होंने बताया कि वहां परिवारों को भी अलग कर दिया गया है, जिससे जायरीन परेशान हैं। मंसूरी ने कहा कि लगभग 4 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि वसूलने के बावजूद उन्हें ऐसी बदतर स्थिति में ढकेलना पूरी तरह संगठित लूट है।

उन्होंने बताया कि 22 अप्रैल को लखनऊ के मौलाना अली मियां नदवी स्मारक हज हाउस से जब आज़मीने हज को भगवा झंडी दिखाकर रवाना किया गया था, वह तभी समझ गए थे कि अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के तहत हज कमेटी ऑफ इंडिया और यूपी हज कमेटी संगठित रूप से हाजियों के लिए परेशानियां पैदा करेगी। पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि यह सब एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा प्रतीत होता है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है ताकि इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषी होटल व एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि मक्का में रह रहे जायरीनों को तुरंत सुरक्षित और मानक के अनुरूप सुविधाएं प्रदान नहीं मिलीं तो पसमांदा मुस्लिम समाज इस अन्याय के खिलाफ बड़े पैमाने पर मोर्चा खोलेगा।

हज-2026 के लिए लखनऊ से शनिवार को दो विमानों से 824 यात्री मदीना रवाना हुए। सुबह 3:25 बजे पहले विमान से 398 हज यात्री रवाना हुए। इसमें 212 पुरुष व 186 महिलाएं शामिल रहीं। 94 यात्री लखनऊ, 58 वाराणसी , 49 मऊ, 32 गोरखपुर , 25 सीतापुर के शामिल रहे। 13वीं उड़ान से 3 स्टेट हज इंस्पेक्टर फैज़ी फरहान, परवेज़ (लखनऊ) व मोहम्मद ताहिर (प्रयागराज) भी गए हैं। 14वां विमान रात 10:05 बजे 228 पुरुष व 198 महिला हज यात्रियों को लेकर उड़ा। इसमें 112 यात्री वाराणसी, 45 बरेली, 23 कानपुर नगर, 22 लखनऊ, 21 गोरखपुर और 20 प्रयागराज के शामिल हैं। इस उड़ान से 3 हज यात्री दिल्ली, 2 छत्तीसगढ़ व 2 बिहार के भी रवाना हुए। इस उड़ान से हज यात्रियों की सुविधा के लिए तीन स्टेट हज इंस्पेक्टर आसिफ उमर (बरेली), फैज़ मोहम्मद (बहराइच) व मतलूब हसन (खीरी) के रवाना हुए।

उत्तर प्रदेश के दिल्ली उड़ान स्थल से शनिवार को सऊदी एयरलाइंस की दो उड़ानों से केवल 147 हज यात्री मदीना रवाना हुए, जिसमें 81 पुरुष व 66 महिलाएं शामिल हैं। शेष हज यात्री अन्य राज्यों के थे। उत्तर प्रदेश के लखनऊ से आज अन्तिम उड़ान तक कुल 14 उड़ानों से 5921, दिल्ली से 5971, मुम्बई से 140 व जयपुर से 4 कुल 12036 हज यात्री सऊदी अरब के लिए रवाना हुए।

संबंधित समाचार