कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए शुरू आवेदन, जानें क्या है लास्ट डेट और कैसे होगा रजिस्ट्रेशन?

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊः करोड़ों हिंदुओं, जैन और बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए आज एक बेहद सुखद और बड़ी खबर सामने आई है। महादेव के निवास स्थान यानी 'कैलाश मानसरोवर' की यात्रा का इंतजार अब खत्म हो गया है। विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी है कि इस साल जून से अगस्त के बीच कैलाश मानसरोवर यात्रा आयोजित की जाएगी। कोविड महामारी और सीमा पर उपजे तनाव के चलते लंबे समय तक बंद रही यह यात्रा अब पूरी तरह से बहाल हो रही है।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस साल की यात्रा दो पारंपरिक मार्गों से संचालित की जाएगी। पहला रास्ता उत्तराखंड का 'लिपुलेख दर्रा' होगा और दूसरा रास्ता सिक्किम का 'नाथू ला' दर्रा। सुरक्षा और व्यवस्था को देखते हुए यात्रियों की संख्या भी तय कर दी गई है। लिपुलेख दर्रे से 50-50 यात्रियों के 10 जत्थे रवाना होंगे, वहीं नाथू ला दर्रे से भी इतने ही जत्थे महादेव के दर्शन के लिए तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र जाएंगे।

आवेदन की अंतिम तिथि: 19 मई 2026
आधिकारिक वेबसाइट: kmy.gov.in
चयन प्रक्रिया: कंप्यूटर-जनित रैंडम सिलेक्शन (पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी)
योग्यता: शारीरिक फिटनेस का विशेष ध्यान

आपको बता दें कि भारत और चीन के बीच संबंधों को सामान्य बनाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है। साल 2020 में कोरोना महामारी और फिर पूर्वी लद्दाख में एलएसी पर सैन्य गतिरोध के कारण इस यात्रा को स्थगित कर दिया गया था। पिछले साल इसे सीमित स्तर पर शुरू करने की कोशिश हुई थी, लेकिन इस साल यह यात्रा पूरे उत्साह के साथ अपने पुराने स्वरूप में लौट रही है।

जो श्रद्धालु इस पावन यात्रा पर जाना चाहते हैं, उन्हें अब किसी पत्र या फैक्स की जरूरत नहीं है। वे सीधे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। महादेव के दर्शन की आस लगाए बैठे भक्तों के लिए 19 मई तक का समय है। तो जल्द करें और अपनी किस्मत आजमाएं।

संबंधित समाचार