Mathura News: आपसी अनबन के बाद प्रेमी ने की प्रेमिका की हत्या, फिर खुद की आत्महत्या

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

मथुराः मथुरा जिले के वृन्दावन में 'सहजीवन' में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी प्रेमिका की कथित रूप से हत्या करने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार आपसी मनमुटाव के बाद युवती द्वारा छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराए जाने से व्यक्ति नाराज था।

पुलिस उपाधीक्षक (सदर) पीतम पाल सिंह ने रविवार को बताया कि अलीगढ़ की मूल निवासी युवती राधिका (28) पति से तलाक लेने के बाद वृन्दावन के पानीघाट के निकट दुर्गापुरम कॉलोनी में किराए पर कमला लेकर रह रही थी। उन्होंने बताया कि राधिका का छाता के तरौली गांव निवासी सुभाष ठाकुर से प्रेम संबंध था और सुभाष भी उसके कमरे में ही रह रहा था।

सिंह ने बताया कि पिछले दिनों दोनों के बीच कुछ अनबन होने के बाद राधिका ने उसके विरुद्ध थाने में छेड़खानी और उसका पीछा करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज करा दी थी जिससे दोनों के बीच तनाव पैदा हो गया था। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को दोनों इस मसले को सुलझाने के लिए मिले थे और संदेह है कि उनके बीच मामला सुलझने के बजाए और उलझ गया जिससे नाराज सुभाष ने गला घोंटकर राधिका की हत्या कर दी और खुद भी फांसी लगा ली।

पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि घटना का पता तब चला जब राधिका की बहन अनीता ने उसे कई बार फोन किया लेकिन उसने फोन का कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने बताया कि अनीता ने इस बारे में उसके पड़ोसियों को बताया जिन्होंने खिड़की से झांक कर देखा तो बिस्तर पर राधिका का शव पड़ा था और सुभाष (24) का शव फांसी के फंदे पर लटका था। सिंह ने बताया कि संदेह है कि प्रथमदृष्टया सुभाष ने मामला दर्ज कराए जाने से नाराज होकर प्रेमिका की हत्या कर दी और खुद भी फांसी लगा ली। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

संबंधित समाचार