बलिया में बड़ा हादसा : मुंडन संस्कार के दौरान गंगा नदी में डूबने से 4 की मौत, परिजनों में कोहराम
बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में रविवार सुबह मुंडन कार्यक्रम के दौरान गंगा नदी में स्नान करते समय एक नाबालिग समेत चार लोगों की डूबने से मौत हो गयी। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने यहां बताया कि फेफना थाना क्षेत्र के कल्याणीपुर गांव के निवासी वशिष्ठ चौहान के परिवार के लोग और कुछ रिश्तेदार मुंडन कार्यक्रम के लिए सुबह गंगा नदी के शिवरामपुर घाट पर पहुंचे थे।
उन्होंने बताया कि धार्मिक अनुष्ठान के बाद साढ़े सात बजे करीब पांच लोग गंगा नदी में स्नान कर रहे थे। सिंह ने बताया कि इस दौरान एक नाबालिग लड़की मोबाइल से सेल्फी लेते समय पैर फिसलने से नदी में गिर गयी, जिसे बचाने के लिए पांच अन्य लोग आगे बढ़ गये लेकिन वे भी डूब गये हालांकि ग्रामीणों ने उनमें से दो लोगों को बचा लिया।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि स्थानीय मछुआरों और दमकल विभाग की टीम की मदद से रविवार दोपहर नदी से हर्षिता चौहान (19), अरुण चौहान (19), नंदिता चौहान (14) और अर्जुन चौहान (20) के शव बरामद कर लिये गये। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।
