Uttrakhand:अच्छा दिखने के साथ स्वस्थ रहने के भी मूलमंत्र को साध रहे युवा

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

नरेन्द्र देव, हल्द्वानी। बदलती जीवनशैली, सोशल मीडिया के प्रभाव और फिटनेस के बढ़ते ट्रेंड के बीच युवाओं में अब केवल अच्छा दिखने ही नहीं, बल्कि अंदर से स्वस्थ रहने की सोच भी तेजी से विकसित हो रही है। यही वजह है कि आजकल 15 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा बड़ी संख्या में सही डाइट को लेकर जागरूक हो रहे हैं और विशेषज्ञों से परामर्श ले रहे हैं। हल्द्वानी में भी ऐसे युवाओं की कमी नहीं।

मेडिकल कॉलेज के डाइटिशियन विभाग के अनुसार पहले जहां युवा केवल बीमारी के समय ही डाइट सलाह लेते थे, वहीं अब वे अपनी दिनचर्या को बेहतर बनाने के लिए नियमित रूप से डाइट प्लान तैयार करवा रहे हैं। खासतौर पर जिम जाने वाले युवाओं में यह ट्रेंड ज्यादा देखने को मिल रहा है। वे मसल्स गेन, फैट लॉस और बॉडी टोनिंग के लिए प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट और माइक्रोन्यूट्रिएंट्स का संतुलन समझते हुए प्रोफेशनल गाइडेंस ले रहे हैं।

वहीं, युवतियों में फिटनेस के साथ-साथ स्किन और हेयर हेल्थ को लेकर भी जागरूकता बढ़ी है। वे ऐसे डाइट प्लान को प्राथमिकता दे रही हैं, जो वजन नियंत्रित रखने के साथ त्वचा को निखारने और बालों को मजबूत बनाने में मदद करे। दूसरी ओर, कम उम्र में बाल झड़ने की समस्या से परेशान युवक भी अब खान-पान में सुधार को अहम मानते हुए विशेषज्ञों की शरण ले रहे हैं।

बुरी आदतों से दूरी बना हेल्दी लाइफस्टाइल अपना रहे
यह तस्वीर पूरी तरह एकतरफा नहीं है। एक ओर जहां फास्ट फूड, जंक फूड, शराब और सिगरेट का आकर्षण अभी भी युवाओं को अपनी ओर खींच रहा है, वहीं बड़ी संख्या में युवा इन आदतों से दूरी बनाकर हेल्दी लाइफस्टाइल अपना रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव केवल ट्रेंड नहीं, बल्कि एक सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन का संकेत है, जो आने वाले समय में युवाओं के बेहतर स्वास्थ्य और जीवन गुणवत्ता को सुनिश्चित करेगा।

-15–25 आयु वर्ग के युवाओं में डाइट अवेयरनेस में तेजी
-जिम कल्चर के साथ डाइट प्लान की मांग बढ़ी
-स्किन और हेयर हेल्थ के लिए भी ले रहे सलाह
-जंक फूड से दूरी बनाकर हेल्दी लाइफस्टाइल की ओर रुझान

 मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी की  डाइटिशियन आशा सिंह ने बताया कि साल 2006 से मैं मेडिकल कॉलेज में बतौर डाइटिशियन सेवा दे रही हूं। कोविड के बाद से अचानक लोगों में सही डाइट लेने का चलन बढ़ा है। इनमें भारी संख्या में युवा भी शामिल हैं। अब तक किशोर भी सलाह लेने आते हैं कि मोटापे से बचने के लिए क्या खाना चाहिए। यह अच्छा है क्योंकि अगर कम उम्र से ही लोग सही डाइट लेने लगेंगे तो मोटापा, कोलेस्ट्रॉल, डायबटीज, बीपी जैसी बीमारियों से बचे रहेंगे।

संबंधित समाचार