खाना-खजाना: ऐसे बनाए दही टिक्की, रेस्टोरेंट जैसे मिलेगा स्वाद

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

चंद्रकला मेहता, फूड ब्लॉगरः आपने आलू, कच्चे केले या वेजिटेबल टिक्की तो जरूर खाई होगी, लेकिन क्या आपने कभी दही टिक्की का स्वाद चखा है? आज हम आपको एक ऐसी खास रेसिपी से परिचित करा रहे हैं, जो बनाने में बेहद आसान और खाने में लाजवाब है। यह दही टिक्की खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयुक्त है, जो आलू, प्याज या हरी सब्जियां पसंद नहीं करते। इसमें हरा धनिया या मिर्च डालने की भी आवश्यकता नहीं होती। आप चाहें तो इसमें केवल नमक, पीसी हुई इलायची और थोड़ा-सा केसर मिलाकर भी इसे शानदार स्वाद दे सकते हैं।

खासियत : इस टिक्की की सबसे बड़ी खासियत इसकी नरमी है। यह इतनी सॉफ्ट होती है कि मुंह में जाते ही घुल जाती है, जिससे इसे बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी आसानी से खा सकते हैं। कम सामग्री में बनने वाली यह दही टिक्की स्वाद और सरलता का बेहतरीन मेल है, जो हर किसी को जरूर पसंद आएगी।

बनाने की विधि

दही टिक्की एक बेहद मुलायम, स्वादिष्ट और अलग तरह की रेसिपी है, जिसे कम सामग्री में आसानी से तैयार किया जा सकता है। इसकी खासियत यह है कि यह मुंह में जाते ही घुल जाती है और बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को पसंद आती है। सबसे पहले ताजा दही को एक साफ मलमल के कपड़े में बांधकर 6-7 घंटे के लिए टांग दें, ताकि उसका सारा पानी निकल जाए और गाढ़ा दही (हंग कर्ड) तैयार हो जाए। इसके बाद इस गाढ़े दही को एक प्लेट में निकाल लें। अब इसमें बारीक कटी हुई हरी मिर्च, बारीक कटा हरा धनिया, स्वादानुसार नमक, थोड़ा-सा इलायची पाउडर और केसर डालकर अच्छे से मिक्स करें। (यदि आप चाहें तो अदरक और प्याज भी मिला सकते हैं, लेकिन बिना इनके भी यह टिक्की बहुत स्वादिष्ट बनती है।) अब इस मिश्रण को चम्मच की सहायता से थोड़ा-थोड़ा लेकर हाथ से गोल या चपटी टिक्की का आकार दें। तैयार टिक्कियों को ब्रेड क्रम्ब्स में लपेटकर एक प्लेट में रखें। सभी टिक्कियां इसी तरह तैयार कर लें। इसके बाद इन्हें 2-3 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें, ताकि टिक्कियां सेट हो जाएं। जब टिक्की बनानी हो, तब फ्रिज से निकालकर नॉन-स्टिक तवे पर थोड़ा घी गर्म करें और मध्यम आंच पर टिक्कियों को दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेकें। ध्यान रखें कि आंच तेज न हो, वरना टिक्की जल सकती है। गरमा-गरम दही टिक्की को इमली, धनिया या पुदीना-दही की चटनी के साथ परोसें। यह रेसिपी खास मेहमानों के लिए भी एक बेहतरीन विकल्प है।

सामग्री 

बंधा हुआ दही
केसर
पीसी हुई इलायची
नमक
हरा धनिया
हरी मिर्च
अदरक
प्याज

संबंधित समाचार