लखनऊ सिविल अस्पताल का होगा विस्तार: बढ़ेंगे 500 बेड; नौ मंजिला अत्याधुनिक भवन का होगा निर्माण
लखनऊ, अमृत विचार : हजरतगंज स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल (सिविल) का विस्तार किया जाएगा। सूचना विभाग से मिली जमीन पर नौ मंजिला भवन बनाकर 500 बेड बढ़ाए जाएंगे। इसके अलावा यूरोलाजी, न्यूरोलाजी, नेफ्रोलाजी, गैस्ट्रोइंट्रोलाजी और कैथ लैब सुविधा के साथ हीमोडायलिसिस और 50 बेड का आइसीयू भी बनाया जाएगा। इस विस्तार के साथ सिविल अस्पताल प्रदेश का सबसे बड़ा जिला अस्पताल बन जाएगा।
अस्पताल प्रशासन ने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट बनाकर शासन को भेज दी गई है। ये योजना पिछले करीब चार वर्षों से लंबित थी। भूमि आवंटन के बाद भी कार्ययोजना को अंतिम रूप नहीं मिल पाया था, जिससे परियोजना में लगातार देरी हो रही थी। विस्तार योजना में मौजूदा आपातकालीन सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। अस्पताल के इमरजेंसी विभाग का दायरा बढ़ाया जाएगा, जिससे गंभीर मरीजों को त्वरित और बेहतर उपचार मिल सके। अस्पताल निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता के अनुसार शासन से मंजूरी मिलते ही कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
नए भवन की संरचना और सुविधाएं
प्रस्तावित भवन कुल नौ मंजिला होगा, जिसमें एक बेसमेंट भी शामिल रहेगा। बेसमेंट में वाहनों की पार्किंग की सुविधा विकसित की जाएगी। ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल पर इमरजेंसी और बाह्य रोगी (ओपीडी) सेवाएं संचालित होंगी। दूसरे से छठे तल तक विभिन्न वार्ड बनाए जाएंगे, जिससे मरीजों के लिए पर्याप्त बेड उपलब्ध हो सकें।
सातवें तल पर अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर स्थापित किए जाएंगे, जबकि आठवें तल पर अस्पताल का प्रशासनिक कार्यालय संचालित होगा। इस विस्तार के बाद अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे राजधानी सहित आसपास के जिलों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
