बाराबंकी : स्मार्ट मीटर के खिलाफ AAP का प्रदर्शन, कहा- UP में स्मार्ट मीटर के नाम पर हो रही खुली लूट

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष जुगराज सिंह के नेतृत्व में रविवार को पटेल तिराहे पर स्मार्ट मीटर के विरोध में प्रदर्शन हुआ। कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर की प्रतिकात्मक तस्वीरें जलाकर विरोध दर्ज कराया और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

जुगराज सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश में स्मार्ट मीटर के नाम पर आम जनता से लूट हो रही है। उन्होंने कहा कि गलत रीडिंग, मनमाने बिल और तकनीकी खामियों से उपभोक्ता परेशान हैं। जहां पहले करीब 1500 रुपए तक बिल आता था, वहीं अब 6000 से 7000 रुपए तक पहुंच रहा है।

प्रीपेड मीटर व्यवस्था में अग्रिम भुगतान के बावजूद 10–12 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहना सिस्टम की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगाए गए करीब 80 लाख स्मार्ट मीटरों में से अधिकांश प्रीपेड हैं, जिनकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, ट्यूबवेल पर लगाए जा रहे 4G आधारित मीटरों से नेटवर्क समस्या के कारण किसानों को भी दिक्कतें हो रही हैं।

cats

भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर की खामियों ने आम जनजीवन को और प्रभावित किया है। जुगराज सिंह ने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी योजना लागू करने से पहले न तो पर्याप्त जनजागरूकता चलाई गई और न ही किसी स्वतंत्र तकनीकी या वित्तीय मूल्यांकन को सार्वजनिक किया गया।

आप ने मांग की कि स्मार्ट मीटर योजना की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों पर कार्रवाई हो और उपभोक्ताओं व किसानों को राहत दी जाए। इस मौके पर नगर अध्यक्ष रामनगर रवि पाण्डेय, राजू शुक्ला, राज कुमार पाल, असद अली, महिला जिलाध्यक्ष अफसाना बानो, आकाश वर्मा, टनू चौहान, नन्हे राम यादव, राजेंद्र पाण्डेय, राम नवाज धनगर, अरविंद यादव, प्रकाश गौतम, विजय यादव समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संबंधित समाचार